बस्ती। मंडी परिसर में मतगणना कार्मिकाें का पूर्वाभ्यास प्रशिक्षण कराया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी अनिल कुमार दमेले की अध्यक्षता में और प्रेक्षक विकास गुप्ता की उपस्थिति में हुए अभ्यास प्रशिक्षण के दौरान डीएम ने बताया कि गणना कार्मिकों को मतगणना के लिए सुबह छ: बजे मंडी परिसर में पहुंचना है। यहां उन्हें यह जानकारी दी जाएगी कि उनकी ड्यूटी किस विधानसभा क्षेत्र के किस मेज पर लगी है।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि गणना कार्मिकों को अपने साथ मोबाइल तथा अन्य इलेक्ट्रानिक उपकरण लेकर नहीं आना है। मंडी परिसर में कार्मिकों को प्रवेश गुरुवार के जारी हुए प्रवेश पत्र से मिलेगा। ड्यूटी ज्ञात होने के बाद सभी कार्मिकों को अपने एआरओ को रिपोर्ट करनी है। उन्हीं के निर्देशन मेें मतगणना करानी है। डीएम ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रि या में मतगणना सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा है। सभी कार्मिक अत्यंत दक्ष कर्मचारी हैं। उन्हें पूरी निष्ठा के साथ इस दायित्व का निर्वहन निष्पक्षता से करना है। डीएम ने बताया कि कार्मिकों को गणना प्रक्रिया के प्रत्येक बिंदु की जानकारी दे दी गई है। यदि किसी बिंदु पर कोई संदेह हो तो प्रक्रिया के दौरान उनके मार्गदर्शन के लिए सहायक निर्वाचन अधिकारी वहां उपलब्ध रहेंगे।
पूर्वाभ्यास प्रशिक्षण में एसपी वीपी श्रीवास्तव ने कहा कि कार्मिकों को इस महत्वपूर्ण कर्तव्य का निर्वहन पूरे धैर्य के के साथ करना है। उनकी सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात है। व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस का जितना कम उपयोग किया जाए, उतना ही बेहतर है। सभी अधिकारी अपने विवेक का उपयोग कर निर्वाचन नियमों के अंतर्गत इस जिम्मेदारी को कुशलता से पूर्ण कराएं।
सीडीओ संजय कुमार सिंह ने गणना कर्मिकों के कार्य एवं कर्तव्य की जानकारी दी। बताया कि पूर्व प्रशिक्षण में मतगणना के सभी बिंदु स्पष्ट कर दिए गए हैं। पूर्वाभ्यास प्रशिक्षण में एडीएम प्रताप सिंह भदौरिया, एएसपी डॉक्टर वीरेंद्र यादव, डीडीओ डॉक्टर बब्बन उपाध्याय, जिला प्रशिक्षण अधिकारी पंकज श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।