बस्ती। साक्षर भारत मिशन प्रेरक वेलफेयर एसोसिएशन ने गुरुवार को डीएम से मिलकर उन्हें छह सूत्रीय मांग पत्र सौंपा और समस्याओं के निदान की मांग की। इतना ही नहीं, 12 फरवरी तक मांगे न माने जाने की स्थिति में 13 फरवरी से धरना की चेतावनी भी दी गई।
जिलाध्यक्ष कुलदीप चौधरी ने कहा कि प्रेरकों का 18 माह से मानदेय लंबित है। बकाया मानदेय का प्रेरकों के खाते में भुगतान, मानदेय में वृद्धि करने, विवादित ग्राम पंचायतों में प्रेरकों का प्रशिक्षण, प्राथमिक विद्यालयों में उपस्थिति पंजिका पर प्रेरकों को हस्ताक्षर कराने, साक्षर भारत मिशन से जुड़े सभी कर्मचारियों का बीमा और उन्हें राज्य कर्मचारी घोषित करने की मांग को लेकर उन्होंने डीएम को मांग पत्र दिया है। कहा कि 12 फरवरी तक बकाया मानदेय का भुगतान नहीं किया गया और अन्य समस्याओं का निस्तारण नहीं हुआ तो जिले भर के प्रेरक डीएम कार्यालय पर धरना प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे।
इस मौके पर शैलेंद्र प्रताप सिंह, घनश्याम चौधरी, बीडी पांडेय, हरिकृष्ण पांडेय, रामबुझारत चौधरी, रजनीश शुक्ल, विजय प्रकाश पांडेय आदि मौजूद रहे।