बस्ती। शहीद सत्यवान सिंह रिजनल स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रहे अंडर-16 साकेत हुंडई क्रिकेट कप-2014 का दूसरा सेमीफाइनल मैच शुक्रवार को संजय यादव क्रिकेट अकादमी और विजय यादव क्रिकेट अकादमी के बीच खेला गया। इसमें विजय यादव क्रिकेट अकादमी ने नौ रन की रोमांचक जीत दर्ज कर फाइनल का सफर तय कर लिया। शनिवार को फाइनल मुकाबला विजय यादव क्रिकेट अकादमी और बस्ती स्टेडियम की टीम के बीच होगा।
टास जीतकर विजय यादव क्रिकेट अकादमी ने पहले बल्लेेबाजी का निर्णय लिया। निर्धारित 35 ओवर में टीम ने आठ विकेट खोकर 160 रन बनाए। इसमें अंकित ने 36 और युवराज ने 33 रनों का योगदान किया। संजय यादव क्रिकेट अकादमी की ओर से रवि, राहुल और सौरभ ने दो दो विकेट लिए। जीत के लिए 161 रनो का पीछा करने उतरी संजय यादव क्रिकेट अकादमी की पूरी टीम 34 ओवर और चार गेंद में 151 रन पर ढ़ेर हो गई। संजय यादव क्रिकेट अकादमी की ओर से राजन ने 43 और रवि ने 34 रनों की संघर्षपूर्ण पारी खेली। बाकी के बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर पाए। इस प्रकार विजय यादव क्रिकेट अकादमी ने यह मैच नौ रनों से जीत फाइनल में अपना स्थान सुनिश्चित कर लिया। मैन आफ द मैच युवराज पाल रहे।
सेमीफाइनल मैच के अंपायर मनोज शर्मा और सूरज श्रीवास्तव रहे, जबकि स्कोरर की भूमिका निर्वहन समीर पांडेय और अशोक चौधरी ने किया।
इस मौके पर स्पोर्ट्स अफसर सुरेश बोनकर, क्रिकेट कोच वीरेंद्र चौधरी, जिला हैंडबाल संघ के सचिव अजय कुमार श्रीवास्तव, फुटबाल कोच रीता चौधरी, हाकी कोच जियाउर्रहमान, सर्वेश्वर दयाल श्रीवास्तव, अब्दुल कलाम आदि मौजूद रहे।