बस्ती। लखनऊ रेल प्रखंड पर बाराबंकी-जहांगीराबाद के बीच नान इंटरलाकिंग, ट्रैक दोहरीकरण और पैनल लगाने के कार्य के चलते गोरखपुर से होकर लखनऊ जाने वाले और आने वाली ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा। बुधवार को छपरा से चलकर मथुरा जाने वाली ट्रेन के अलावा कई अन्य रेलगाड़ियां बस्ती स्टेशन से होकर नहीं गुजरेंगी। 4 दिसंबर तक इस मार्ग पर लखनऊ और गोरखपुर जाने के लिए यात्रियों को असुविधा झेलनी पड़ेगी।
बाराबंकी-जहांगीराबाद रेल मार्ग पर नान इंटरलाकिंग व ट्रैक दोहरीकरण के कार्य के चलते 27 नवंबर से 4 दिसंबर तक गोरखपुर-बस्ती-लखनऊ रूट पर दर्जन भर ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा। बुधवार को छपरा से चलकर मथुरा जाने वाली मथुरा एक्सप्रेस इस रूट पर नहीं चलेगी। 15707 अप और 15708 डाउन छपरा एक्सप्रेस बुधवार को छपरा से दूसरे मार्ग से सीधे छपरा जाएगी और इसी मार्ग से वापस छपरा केा लौटेगी।
---------------
इन ट्रेनों का रहेगा मार्ग परिवर्तित
: 5098 बाया मनकापुर-अयोध्या-सुल्तानपुर-लखनऊ
: 2589 बाया मऊ-वाराणसी-प्रतापगढ़-लखनऊ
: 12592 बाया मऊ-वाराणसी-प्रतापगढ़-लखनऊ
: 12541 व 12542 एलटीटी बाया कानपुर-इलाहाबाद- प्रतापगढ़-फैजाबाद-मनकापुर- गोंडा
: 15609 व 15610 बाया बुढ़वल-सीतापुर-मुरादाबाद
13019 व 13020 हावड़ा काठगोदाम बाया बुढ़वल-सीतापुर-मुरादाबाद होकर जाएगी व इसी मार्ग से लौटेगी।
बसों के सहारे है सफर
नान इंटरलाकिंग व अन्य कार्य के चलते बस्ती होते हुए लखनऊ व गोरखपुर की ओर आने जाने वाली ट्रेनों के प्रभावित होने से सफर का दारोमदार रोडवेज बसाें पर निर्भर रहेगा। ऐसे में 4 दिसंबर तक अधिकांश यात्रियों को बसों का ही सहारा लेना पड़ सकता है। एआरएम भागीरथी सिंह का कहना है निगम की ओर से पर्याप्त संख्या में बसें यात्रियों की सुविधा के लिए डिपो परिसर से भेजी जाएगी। यात्रियों को अधिक दिक्कत नहीं झेलनी पड़ेगी।
गोरखपुर से गाेंडा व अयोध्या के लिए सवारी गाड़ी रहेगी उपलब्ध
एक्सप्रेस ट्रेनों के संचालन प्रभावित रहने की दशा में गोरखपुर से गोंडा व अयोध्या तक जाने के लिए नियत सवारी गाड़ियां अपने रूट के हिसाब से चलती रहेंगी। इसके बाद का सफर लोगाें को अपनी सुविधानुसार करना होगा।
यात्रियों को दी जा रही जानकारी
स्टेशन अधीक्षक ओपी त्रिपाठी का कहना है कि देर शाम मुख्यालय से ट्रेनों के संचालन के बारे में सूचना मिली। इसके अनुसार बस्ती से होकर गुजरने वाली ट्रेनाें की सूची तैयार कर नोटिस बोर्ड पर चस्पां करने की तैयारी की जा रही है। जैसे ही सूची फाइनल होगी, उसे बोर्ड पर लगा दिया जाएगा। इसके अलावा स्टेशन के पूछताछ काउंटर से भी हर समय ट्रेनों की अद्यतन स्थिति की सूचना प्रसारित की जाती रहेगी।