बस्ती। दिवाली के दिन नगर बाजार और गोटवा के सुतली बम की धूम रही। यह पटाखा बम लखनऊ के पटाखों पर भारी पड़ा। मार्केट में बिकने वाले पटाखों में सर्वाधिक बिक्री इसी सुतली पटाखा बम की हुई।
यूं तो जिले में पटाखा के दुकानदार लखनऊ से पटाखे मंगाकर उसकी बिक्री करते हैं। वहां के पटाखे इस बार काफी महंगे पड़े। यही कारण रहा कि पांच से दस रुपये की मिलने वाली जलेबी 50 रुपये तक बिकी। इसी प्रकार रोशनी वाली लाइट भी 20 रुपये से 50 रुपये तक बिकी। चटाई पटाखे तो और भी महंगे रहे। डिब्बे में रखी पेटी 400 से लेकर 1000 रुपये में बिकी। इसमें पांच छोटे बम वाले पैकेट 50 रुपे के थे। मगर इन सबके बीच बस्ती के एक पटाखे ने रिकार्ड तोड़ बिक्री की। पटाखा बाजार में 30 प्रतिशत तक केवल इसी की खरीददारी हुई। नगर बाजार और गोटवा में मिलने वाले हैंड ग्रेनेड जैसी शक्ल के इस सुतली बम ने अन्य सभी बमों को फुस्स कर दिया। 15 से 20 रुपये मूल्य के बीच बिके इस सुतली पटाखा बम को सबसे अधिक नौजवानों ने इस्तेमाल किया। तेज आवाज के साथ दगने वाले इस पटाखा बम की आवाज मार्केट में बिक रहे सभी बमों से तेज रही। आवास विकास निवासी सुमित श्रीवास्तव, कटरा निवासी संजय गुप्ता, बाईपास रोड निवासी बिल्लू ने बताया कि कम दाम में इतना बेहतरीन पटाखा पहली बार मिला है।
वहीं पटाखा व्यवसायी मुनाऊ और जावेद ने बताया कि नगर बाजार और गोटवा से मंगाए गए इस पटाखे की बिक्री अन्य पटाखाें से अधिक हुई। हर किसी ने इसे खरीदा। इसका दाम कम होने और क्वालिटी बेहतर थी।