बस्ती। दीपावली पर्व को देखते हुए शनिवार को शहर में स्थित सभी एटीएम पर लोगों की भीड़ रही। एटीएम के बाहर ग्राहकों की लंबी लाइन लगी रही। कहीं-कहीं तो लाइन लगाने के बाद नंबर आते आते एटीएम में रुपये ही खत्म हो गए। एसबीआई और आईसीआईसीआई के एटीएम में दोबारा रुपये डालने पड़े।
छोटी दीपावली के दिन हाफ टाइम बैंकिंग और लगातार दो दिन अवकाश के चलते बैंक बंद हैं। इस कारण शनिवार को शहर में लगे सभी एटीएम पर भीड़ बढ़ गई। दोपहर बाद तो इन पर लंबी लंबी कतारें लग गईं। लोगों को त्यौहार के मद्देनजर रुपये की जरूरत थी। ऐसे में हर कोई एटीएम की तरफ ही भागा जा रहा था। स्थिति यह हो गई कि दोपहर दो बजे तक कई एटीम दगा दे गए। उनमें पैसे खत्म हो गए। लोग एक एटीएम से दूसरे एटीएम की तरफ भागते फिरे। सबसे अधिक भीड़ गांधीनगर, कंपनी बाग एसबीआई एटीएम के अलावा रोडवेज तिराहे पर स्थित, गांधीनगर में आईसीआईसीआई के एटीएम कटरा में स्थित एक्सिस और आईसीआईसीआई बैंक के एटीएम पर भीड़ देखी गई। इसके अलावा फौव्वारा तिराहे पर स्थित बैंक आफ बड़ौदा, एक्सिस के एटीएम, रोडवेज तिराहे पर स्थित एचडीएफसी और एसबीआई और ओरियंटल बैंक आफ कामर्स के एटीएम पर भी भीड़ नजर आई। कुछ एटीएम पर लाइन लगाने के बाद भी लोगों को रुपये नहीं मिल सके, क्योंकि उनका नंबर आते आते एटीएम खाली हो चुका था।