बस्ती। नगर पालिका क्षेत्र और उसके आसपास के इलाकों को विकसित करने के लिए मास्टर प्लान तैयार किया गया है। डीएम क ी पहल पर तैयार इस मास्टर प्लान से नगरपालिका क्षेत्र के अलावा विनियमित क्षेत्र के 69 गांवों की सूरत संवर जाएगी। मास्टर प्लान नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग गोरखपुर ने तैयार किया है। मास्टर प्लान को डीएम की अध्यक्षता वाली कमेटी की मंजूरी मिल चुकी है और उसे अंतिम रूप भी दिया जा चुका है।
नगर पालिका क्षेत्र और उसके आसपास के 69 गांवों के विकास के लिए मास्टर प्लान की मंजूरी दे दी गई है। सर्वे भी हो चुका है। डीएम अनिल कुमार देमेले ने बताया कि मास्टर प्लान बन जाने के बाद क्षेत्र का चौमुखी विकास हो सकेगा। इस प्लान को बनाने के लिए कई महीनों से कार्य चल रहा है। प्लान को अंतिम रूप दिया जा चुका है। प्लान के तहत पार्क, कामर्शियल और आवासीय, ग्रीन बेल्ट बनेगा। ट्रांसपोर्ट नगर की स्थापना होगी। खुले स्थानों पर सड़क की चौड़ाई 30 फुट होगी। डीएम ने बताया कि योजनाबद्ध तरीके से विकास का कार्य होगा। डीएम ने बताया कि मास्टर प्लान की मंजूरी के लिए शासन को भेजा जाएगा।
जाम से मिल सकेगा छुटकारा
नगरपालिक ा क्षेत्र में लोगों को जाम से छुटकारा मिल सकेगा। बेतरतीब खड़े वाहनों पर रोक लगेगी। इसके लिए बाकायदा स्टैंड बनाए जाएंगे जहां लोग अपने वाहनों को पार्क कर सकेंगे। शहर इन दिनाें जाम की समस्या से जूझ रहा है। प्लान के अमल में आते ही लोगों को राहत मिल सकेगी।
रोशनी से नहाएंगी सड़कें
नए प्लान से सड़कें रोशनी से जगमगाएंगी। नगरपालिका क्षेत्र में जगह-जगह सड़कों के किनारे प्रकाश बिंदु लगेंगे ताकि रात में भी शहर में दिन की तरह रोशनी रहे। इसके अलावा नगरपालिका क्षेत्र में हर चौराहे पर रोड लाइटें भी लगाई जाएंगी ताकि लोग यातायात नियमों का आसानी से पालन कर सकें।
कूड़ा निस्तारण की होगी व्यवस्था
नए प्लान से कूड़ा निस्तारण और नालियों की समस्या दूर हो सकेगी। कूड़ा ठीक ढंग से शहर से बाहर हों इसके लिए वेस्टेज प्लान की बात की गई है। कूड़े को उचित जगह रखने की व्यवस्था की गई है।
सड़कों से हटाए जाऐंगे अतिक्रमण
सड़कों के किनारे अतिक्रमण करने वाले लोग हटाए जाएंगे। प्लान में इस बात का जिक्र किया गया है कि नगरपालिका क्षेत्र में सड़कोें के किनारे अतिक्रमण करने वाले लोगोें के चलते कई तरह की दिक्कतें पैदा होती हैं।
नगरपालिका क्षेत्र पर रहेगा विशेष जोर
प्लान में 69 गांवों की बात तो की गई है मगर मास्टर प्लान पूरी तरह से शहर पर फोकस किया गया है। शहर को सुंदर और बेहतर बनाया जा सके, इसे केंद्र में रखकर प्लान को अंतिम रूप दिया गया है।