बस्ती। एसडीएम सदर कोर्ट ने गनेशपुर के चौरवा में हुई अरशद नामक युवक की हत्या के मामले में दो अभियुक्तों और उनके चार जमानतदारों की जमानत राशि और पर्सनल बांड जब्त करने का नोटिस जारी किया है। हत्या की वारदात से पूर्व इन दोनों का शांतिभंग में चालान हुआ था।
एसडीएम कोर्ट ने चौरवा निवासी मोहम्मद हनीफ और अफसर के साथ ही जमानतदार शहाबुद्दीन, मसीतुल्लाह छोटेलाल और मुबारक को नोटिस जारी किया है। इसमें कहा गया है कि जमीन विवाद को लेकर एसओ वाल्टरगंज ने दोनों आरोपियों के अलावा मोहम्मद हलीम, मुस्तफा, मोहिबुल, एजाज और अफसर के साथ ही दूसरे पक्ष के शमसुल हसन, सफीकुलहसन और बबलू का सीआरपीसी की धारा 107/116 के तहत चालान किया था। बाद में पहले पक्ष के लोगों ने 25-25 हजार की दो जमानत और उतनी ही राशि के पर्सनल बांड दाखिल किए। जांच कार्यवाही के दौरान शांति बनाए रखने का समझौता भी किया। मगर आरोप है कि दो अगस्त को उसका उल्लंघन करते हुए अरशद पुत्र जमीरुलहसन को मोहम्मद हनीफ के ललकारने पर अफसर ने लाठी से वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिसकी बाद में मौत हो गई। इस मामले में हनीफ और अफसर आरोपी बनाए गए हैं। इन दोनों के साथ ही उनके जमानतदारों को कोर्ट ने नोटिस जारी कर कहा है कि क्यों न उनकी ओर से दाखिल निजी बंधपत्र और जमानत धनराशि राज्य सरकार के पक्ष में जब्त कर दी जाए। इन सभी को 27 सितंबर के दिन कोर्ट में उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने को कहा गया है।