बस्ती। इस बार तहसील दिवस के शामिल होने के बाद कमिश्नर विकास कार्यों की हकीकत जानने के लिए सीधे किसी गांव में पहुचेंगे। गांव के निरीक्षण की सूचना मिलने के बाद विकास विभाग के अधिकारियों की भाग दौड़ तेज हो गई है। अभी गांव का नाम तय नहीं है मगर सदर ब्लाक का ही कोई गांव उनके निशाने पर होगा।
सदर तहसील दिवस में 20 नवंबर को शामिल होने के बाद कमिश्नर किसी ग्राम पंचायत में जाकर विकास कार्यों का निरीक्षण करेंगे। वह सदर ब्लाक के ही किसी ग्राम पंचायत में जाएंगे। ऐसे सदर के पांच ग्राम पंचायतों में व्यवस्था दुरुस्त की जा रही है। समझा जाता है कि कमिश्नर इन्हीं पांच में से किसी ग्राम पंचायत में जाकर विकास कार्यों की हकीकत परखेंगे। सदर ब्लाक के पांच ग्राम पंचायतों में मनरेगा के तहत होने वाले कामों को चालू हालत में रखने, समय से मजदूरों का भुगतान, परिषदीय स्कूलों की व्यवस्था दुरुस्त रखने और गांव में साफ सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।
सीडीओ राम अरज मौर्य ने बताया कि कमिश्नर किस गांव में जाएंगे? यह तय नहीं है। ऐसे में सदर ब्लाक की सभी ग्राम पंचायतों को एलर्ट रहना चाहिए। वह किसी भी ग्राम पंचायत में जा सकते हैं। कहा कि प्रधान, सेक्रेटरी, प्रधानाध्यापक आदि को सभी काम ओके रखने चाहिए। मनरेगा के तहत पुराना काम चलता मिलना चाहिए। बीडीओ सदर हुबलाल को भी इस बारे में निर्देश जारी किए गए हैं।