बस्ती। दीपावली पर अपने शुभेच्छुओं को मिठाई व ड्राई फ्रूट के गिफ्ट पैक देने की सोच रहे हैं तो थोड़ा सचेत हो जाएं। दुकानदार के भरोसे कतई खरीददारी न करें। त्योहारी सीजन में मुनाफाखोर खराब व पुराने खाद्य पदार्थ खपाने की तैयारी में हैं। मुनाफा कमाने की होड़ में दुकानदार ग्राहकों के त्योहार को खराब करने से भी नहीं हिचक रहे हैं। जानकारों का कहना है कि ब्रांडेड आइटम व कुछ अलग खाद्य सामग्री खरीदने वालोें को धोखा अधिक मिलेगा। पैकिंग के पीछे माल किस स्तर का है ? यह जाने बिना ही खरीददारी करने पर ठगे जा सकते हैं। सूत्र बताते हैं कि पुराने और एक्सपायरी ड्राई फ्रूट को ही नई पैकिंग में खपाया जा रहा है।
डेढ़ सौ से सात सौ तक के गिफ्टपैक
बाजार में डेढ़ सौ से लेकर साढे़ सात सौ तक के पैक ड्राई फ्रूट बाजार में हैं। खाली डिब्बोें की कीमत पचास से सौ रुपये तक हैं। इनमें दो, चार, व पांच तरह के ड्राई फ्रूट पैक करने की सुविधा है। ब्रांडेड मिठाइयों के पैक में सोनपपड़ी और रसगुल्ले की बहुतायत हैं। बिस्कुट कंपनियां भी अपने प्रोडक्ट लेकर बाजार में हैं।
सजगता से करें खरीददारी
थोड़ी सी सजगता दिखाएं तो धोखेबाजी से बच सकते हैं। एक तरीके के पैक तो ग्राहक की ड्राई फ्रूट डिमांड के मुताबिक उपलब्ध है। ये तुरंत पैक किए जाते हैं। इसमें पैक होने वाले फ्रूट की क्वालिटी ग्राहक खुद तय करते हैं। जबकि एक पहले से पैक करके आ रहे हैं। जल्दबाजी के चक्कर में इन आइटमों में धोखा मिल सकता है।