बस्ती। दीपावली के पहले दिन ही कोना-कोना जगमगा उठा। साफ-सफाई कर सजाए गए घर और दुकानों की रौनक देखते ही बन रही थी। धन तेरस पर बाजार में बड़ी संख्या में लोग उमड़ पडे़ थे। देर रात तक लोग खरीददारी करते देखे गए। खासकर बर्तन, ज्वेलरी और इलेक्ट्रानिक्स की दुकानों पर भारी भीड़ देखी गई। सभी वर्ग के लोग धनतेरस पर लक्ष्मी के रूप में कुछ न कुछ खरीदकर ले गए।
जगह-जगह गणेश और लक्ष्मी की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। वहां विधि-विधान से पूजन हवन शुरू हो गया है। मिठाई की दुकानों, बिजली की लड़ियां, मोमबत्ती, कलेंडर, पोस्टर, दीपक की दुकानों पर भी खासी भीड़ रही। बड़ी संख्या मेें लोगों ने बाइक, कार, ट्रैक्टर आदि की खरीददारी भी की। कपड़ों की दुकानों और शोरूम पर लोग खरीददारी करने के लिए उमड़ पड़े। महिलाओं का रुख सराफा की दुकानों की ओर दिखा। चांदी के सिक्के के अलावा जेब के वजन के हिसाब से लोगों ने सोने चांदी के गहने खरीदे। बाजार में अवांछित गतिविधियों को रोकने के लिए पुलिस की मोबाइल टीमें चलती रहीं।
12 सौ तक में बिके चांदी के सिक्के
यूं तो महंगाई का भूत सब पर हावी है। इसके बावजूद धनतेरस पर लोगों ने जमकर खरीददारी की। इस बार विक्टोरिया एरा के सिक्के 12 सौ रुपये तक में बिके। वहीं गणेश लक्ष्मी का सिक्का आठ सौ के आसपास रहा। बाजार में नकली सिक्के की भरमार होने की खबर से ग्राहक भी सकते में थे वहीं कई जौहरी भी असली-नकली में फर्क करने में मात खा गए।
331 जगह सज गए गणेश लक्ष्मी के पंडाल
दीपावली पर जिले में 331 जगह गणेश और लक्ष्मी की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। पंडाल में सुरक्षा के प्रबंध किए गए हैं। कोतवाली क्षेत्र में 46, पुरानी बस्ती में 57, वाल्टरगंज में 12, हर्रैया में 7, छावनी में 4, परशुरामपुर में 9, पैकोलिया में 12, गौर व नगर में 11-11, कप्तानगंज में 14, दुबौलिया में 3, रुधौली में 13, लालगंज में 48, सोनहा में 18 और मुंडेरवा थानाक्षेत्र में 33 प्रतिमाओं की स्थापना की गई है।