बस्ती। नए शैक्षिक सत्र के तीसरे दिन बीएसए अपने रौ में दिखे। स्कूल खुलने के तीसरे दिन बीएसए ने आधा दर्जन स्कूलों के निरीक्षण में तीन शिक्षकों पर निलंबन की गाज गिराई है। अनुपस्थित मिले प्रधानाध्यापक और दूसरे स्कूल पर गप लड़ा रही सहायक अध्यापिका व अध्यापक इसमें शामिल हैं। जबकि आठ अध्यापकाें को काम में लापरवाही मिलने पर स्पष्टीकरण देकर जवाब मांगा है।
बीएसए सूर्यप्रकाश सिंह बुधवार को स्कूलों की हकीकत परखने निकले। सदर के प्रावि. महरीपुर में दो शिक्षा मित्र तैनात हैं। इनमें रमाकांत यादव का तीन जुलाई को अवकाश प्रार्थना पत्र था फिर भी रजिस्टर हस्ताक्षर बनाए थे। शिक्षामित्र व प्रधानाध्यापिका माधुरी सिंह से स्पष्टीकरण मांगा है। कुदरहा ब्लाक के प्रावि. चकदहा अपना स्कूल छोड़ प्रावि परसांव की सहायक अध्यापिका श्वेता मिश्रा व मुरादपुर प्रावि के शिक्षक धीरेंद्र प्रकाश आपस में गप लड़ाते मिले। इनकों मौके पर निलंबित कर दिया। जबकि शिक्षा मित्र संजय यादव को स्पष्टीकरण नोटिस थमाया। उमावि चकदहा में चार स्टाफ आपस में बातचीत करते मिले। 106 में से सिर्फ छह छात्र उपस्थित मिले। प्रधानाध्यपक सीताराम सहित सभी से स्पष्टीकरण मांगा गया। उमावि चकिया में विद्यालय बंद मिला। बीएसए ने प्रधानाध्यपक अजय कुमार चौधरी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। प्राथमिक विद्यालय चकिया में प्रधानाध्यपक अनिल कुमार यादव व सहायक अध्यापिका प्रियंका यादव बगैर सूचना अनुपस्थित मिलीं। दोनाें को शोकाज थमाया है। प्रावि. टिकुहियां में प्रधानाध्यापक रणविजय सिंह मिले। जबकि सहायक अध्यापिका निशा यादव अनुपस्थित चल रही हैं। लेकिन उपस्थिति पंजिका पर कूटरचित हस्ताक्षर मिला। इस पर प्रधानाध्यापक व अध्यापिका दोनाें से स्पष्टीकरण तलब किया गया। उमावि पिपरपाती में सहायक अध्यापक मोहम्मद उमर गायब मिले। बताया गया कि वे किसी काम से गए हैं। सहायक अध्यापक सुभाष चंद्र पढ़ाई के बजाए बात करते पाए गए। साथ ही अनधिकृत रूप से पैरा टीचर सुनीता बच्चों को पढ़ाती मिलीं। सभी को नोटिस देकर जवाब देने का निर्देश दिया। प्रधानाध्यपक विहीन प्राथमिक विद्यालय पिपरपाती में सहायक अध्यापिका रुचि पांडेय को कार्यवाहक प्रधानाचार्य का दायित्व सौंपा। जबकि प्रावि देहपुरा में प्रधानाध्यापक शिवदेव शुक्ल व गीता वर्मा अनुपस्थित मिलीं। ग्रामीणों ने बताया कि गीता कई साल से लगातार अनुपस्थित चल रही है। इस पर प्रधानाचार्य से स्पष्टीकरण तलब किया।
बीएसए संभालेंगे एडी बेसिक का पदभार
मंडलीय एडी बेसिक के रिक्त चल रहे पद पर निदेशक बेसिक शिक्षा ने बस्ती के बीएसए सूर्यप्रकाश सिंह को कार्यवाहक के रूप में पदस्थापित किया है। बीएसए ने बताया आदेश मिला है। एक दो दिन में चार्ज ग्रहण कर लूंगा।