बस्ती। सावन मास के पहले दिन जिले के शिवालयों में शिव भक्तों ने शिव का जलाभिषेक कर पूजा अर्चना की। भद्रेश्वरनाथ, भारीनाथ, सिक्टेश्वरनाथ, शोहरतनाथ, तिलकपुर शिव मंदिर में श्रद्धालुओं ने आस्था के जल से शिव को नहलाया और उनकी स्तुति कर खुशहाल जीवन की कामना की।
मान्यता है कि पूरे सावन माह में भगवान शिव धरती पर वास करते हैं। ऐसे में सावन के पहले दिन का अपना एक विशेष महत्व होता। बुधवार को सावन माह का शुुभारंभ हुआ तो शिवालयों पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। मंगलवार की देर रात से ही जिले के विभिन्न हिस्सों में स्थित शिव मंदिरों पर शिव भक्त बड़ी संख्या में जुटने लगे थे। भोर होते ही शिव को आस्था के जल से अभिषेक का जो सिलसिला शुरू हुआ वह दोपहर तक चलता रहा। इस दौरान तमाम श्रद्धालुओं ने रुद्राभिषेक भी कराया। भद्रेश्वरनाथ मंदिर पर हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने शिव का जलाभिषेक किया। इस दौरान मंदिर परिसर ऊं नम: शिवाय के आदि मंत्रों से गूजंता रहा। कांवरिए बोलबम के जयघोष के साथ भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। पंडित भुनेश्वरी चौबे ने बताया कि शिव का सच्चा उपासक बनने के लिए उनके गुणों को आत्मसात करना होता है। भगवान शंकर की आराधना के साथ ही शिव की राह पर चलने का सही समय सावन है। इस मास में रुद्राभिषेक का बड़ा महत्व होता है।