आरपीएफ ने पेश की ईमानदारी की मिसाल
गश्त के दौरान प्लेटफॉर्म पर मिला लावारिस बैग
बैग में मिली दो तोले सोने की चेन और अन्य सामान
मुंबई में सालभर कमाने के बाद घर जा रहे थे मकसूद
अमर उजाला ब्यूरो
बस्ती। रेलवे स्टेशन पर शनिवार को आरपीएफ ने ईमानदारी की मिसाल पेश की। यहां गश्त के दौरान निरीक्षक नरेंद्र यादव, सहायक उप निरीक्षक योगेंद्र प्रताप सिंह व कांस्टेबल चंद्रमणि पांडेय को प्लेटफॉर्म नंबर दो-तीन पर 10:30 बजे एक लावारिस बैग मिला। इस बैग की जांच में आरपीएफ की टीम को दो तोले की सोने की चेन, सात जोड़ी नए कपड़े और अन्य कीमती सामान मिला।
बैग पर संतकबीरनगर जिले के थाना दुधारा ग्राम तिलजा के मकसूद अहमद पुत्र अब्दुल रऊफ का नाम लिखा था। टीम इसे लेकर ऑफिस पहुंची और आधार कार्ड पर मौजूद नाम का एनाउंस कराया लेकिन बैग का कोई स्वामी नहीं आया। आरपीएफ ने इस बैग को अपने कब्जे में ले लिया और थाने पर जमा कर दिया। दोपहर बाद करीब 12:30 बजे उक्त बैग के स्वामी मकसूद थाने पर पहुंचे और बैग को अपना बताए। आरपीएफ ने पूछताछ के बाद बैग उनके हवाले कर दिया। बैग के मालिक ने बताया कि उनका बैग जल्दबाजी व भीड़ के चलते प्लेटफॉर्म पर छूट गया था। वह मुंबई में मजदूरी कर साल भर की कमाई लेकर घर जा रहे थे। बैग स्वामी को मेहनत की कमाई वापस मिली तो उसने आरपीएफ टीम को साधुवाद दिया।