बस्ती। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को ऐतिहासिक बनाने की तैयारी पूरी हो गई है। इसके तहत प्रशासन की ओर से जिला स्टेडियम तो इंटरनेशनल नेचुरोपैथी ऑर्गनाइजेशन जीआईसी तथा भारत स्वाभिमान समिति किसान पीजी कालेज में योग शिविर लगाकर लोगों को निरोग बनाने के गुर सिखाएगा। आरोग्य भारती कलवारी स्थित झिनकू लाल इंटर कालेज में योग शिविर आयोजित किया है।
आयुक्त दिनेश कुमार सिंह ने बैठक कर तीनों जिलों के नामित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए हैं। इधर डीएम राजशेखर ने विकास भवन सभागार में बैठक में चिकित्सा, राजस्व, पुलिस, शिक्षा तथा अन्य योग के प्रशिक्षकों को निर्देश दिया कि योग के जिला स्तर का कार्यक्रम स्टेडियम में आयोजित किया गया है। संबंधित पांच बजे वहां पहुंच जाएं। इसके लिए सीडीओ व मुख्य राजस्व अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
इसी क्रम में इंटरनेशनल नेचुरोपैथी ऑर्गनाइजेशन जिला संयोजक सौरभ तुलस्यान ने बताया है कि जीजीआईसी में नियमित योग प्रशिक्षण संचालित किया गया है। बुधवार को जन जागरूकता रैली कंपनी बाग स्थित शिवमंदिर से तक निकाली गई। रैली में प्रधानाचार्य जीजीआईसी नीलम सिंह के साथ योग शिक्षिका निर्मला श्रीवास्तव, माधुरी सिंह, सरवन, अनुराग शुक्ला, मनीषा शुक्ला, पुष्पा, मनोरमा, अंजू, जीतेन्द्र चौधरी, विवेक गौड़, चित्रांश क्लब के अविनाश, राजेश, चित्रगुप्त, अनूप खरे आदि मौजूद रहे।
भारत स्वाभिमान समिति की ओर से किसान डिग्री कॉलेज में योग शिविर आयोजित किया गया है। उदघाटन जिला आयकर अधिकारी अशोक कुमार मिश्र करेंगे। समिति के जिला प्रभारी ओम प्रकाश आर्य ने बताया कि सुबह साढ़े पांच से सात बजे तक पतंजलि योग पीठ हरिद्वार से प्रशिक्षित योग प्रचारक धर्मेन्द्र कुमार व गरुण ध्वज पांडेय योग प्रोटोकाल का अभ्यास कराएंगे।
गायघाट प्रतिनिधि के अनुसार आरोग्य भारती बहादुरपुर ब्लाक के झिनकू लाल इंटर कालेज में सुबह पांच बजे से योग शिविर शुरू होगा। आरोग्य भारती गोरक्ष प्रांत के सह सचिव डा. दीपक सिंह ने यह जानकारी दी है। इधर आनंद मार्ग आश्रम गड़गोडिया पर सुबह आठ बजे से योग विषयक गोष्ठी आयोजित की गई है। इस दौरान योग का प्रशिक्षण भी होगा। खैर इंटर कालेज प्रबंधन ने कालेज परिसर में सुबह छह बजे से योग शिविर का आयोजन किया है।