महराजगंज (बस्ती)। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के बेलवाजोर ओझा गांव में बुधवार रात चोरों ने छत के रास्ते घर में घुसकर सामान समेट लिया। नकदी, जेवर लेकर भागते समय फायरिंग करके पूरे गांव में सनसनी फैला दी। सूचना के बाद पहुंची पुलिस मामले की छानबीन करके वापस लौट गई। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के बेलवाजोर ओझा गांव के आशीष चंद्र श्रीवास्तव उर्फ गुड्डू बभनान चीनी मिल में कांटा बाबू के पद पर तैनात हैं। बुधवार रात चोरों ने छत के रास्ते घर में घुसकर पांच कमरे खंगाले, जिसमें 70 हजार नकद, और ढाई लाख का जेवर समेट लिया। पड़ोस के दीपक श्रीवास्तव के घर में भी चोरी का प्रयास किया। लेकिन आवाज सुनकर लोग जग गए। गांव वालों के मुताबिक रात करीब दो बजे दो बार फायर भी किया। फायरिंग के बाद आशीष चंद्र श्रीवास्तव छत से नीचे उतरे तो घर के कमरों का ताला टूटा मिला और सब सामान बिखरा था। रात करीब 2:30 बजे डायल 100 पुलिस को सूचना दी। सुबह होने पर चौकी प्रभारी राकेश कुमार मिश्रा घटनास्थल पर पहुंच कर जांच की।
बेखौफ चोर एक दिन पहले पड़ोस के रेहरवा गांव के राजमणि के घर इसी अंदाज में चोरी की घटना को अंजाम दिया था। उसके बाद भी पुलिस निष्क्रिय रही, जिससे बेलवाजोर ओझा गांव में चोरी की बड़ी घटना हो गई। कप्तानगंज के प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार दुबे ने बताया कि चोरी होने की तहरीर मिली है। मामले में छानबीन किया जा रहा है।
गश्त पर पुलिस, चोर भी
महराजगंज। हर्रैया पुलिस कहने के लिए छह जून की रात हाइवे और आसपास के गांवों में सुरक्षा के लिए गश्त करती रही लेकिन रेहरवा गांव में आराम से पशु चिकित्सक के घर को चोर खंगालते रहे। खास यह कि हर्रैया और कप्तानगंज सीमा क्षेत्र पर हाइवे से सटे 500 मीटर दूरी रेहरवा गांव में चोरी की दूसरी रात भी चोर भारी पड़े। कांटा बाबू आशीष चंद्र श्रीवास्तव के घर से लाखों का माल समेट ले गए। क्षेत्र के राजेश कुमार,महेश, विजय पाल छेदी लाल,ने बताया कि यदि पुलिस सक्रिय रहती तो चोरी होने से बच जाता।