बनकटी ब्लॉक के ग्राम मेंहड़ा में दो साल पहले तालाब की खुदाई में गोलमाल पकड़ा गया था। इसमें दोषी ग्राम विकास अधिकारी, प्रधान और तकनीकी सहायक के खिलाफ लगभग तीन लाख रुपये की रिकवरी होनी है। रिकवरी और दोषियों के विरुद्घ कार्रवाई करने से पहले तकनीकी परीक्षण के लिए आरईडी के एक्सईएन को निर्देश दिया गया। रिपोर्ट न देने पर सीडीओ हर्षिता माथुर ने एक्सईएन को चेतावनी जारी करत हुए एक हजार रुपये का जुर्माना लगाने को चेताया है।
ग्राम मेंहड़ा में मनरेगा से 3.5 लाख रुपये से तालाब की खुदाई होना था, शिकायत हुई कि खुदाई न करके धन का बंदरबांट कर लिया गया। इसकी जांच डीआरडीए के एई प्रदीप कुमार सिंह ने की, जांच रिपोर्ट में धन के गोलमाल करने और तीनों से रिकवरी कराने की संस्तुति की गई। कार्रवाई करने से पहले सीडीओ ने तकनीकी परीक्षण के साथ कार्रवाई की संस्तुति ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के एक्सईएन को लिखित निर्देश दिया। मगर जब दो साल बाद रिपोर्ट नहीं दी गई तो सीडीओ ने एक्सईएन को चेतावनी जारी करते हुए कहा कि अगर एक दिन में रिपोर्ट नहीं दी गई तो प्रशासनिक कार्रवाई के साथ एक हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा।