बस्ती। शिक्षामित्रों के समायोजन और स्थानांतरण की प्रक्रिया के तहत 85 शिक्षामित्रों को दूसरे विद्यालयों में तैनाती दी गई है। बीएसए अनूप कुमार ने शिक्षामित्रों को नवीन विद्यालयों में तत्काल कार्यभार ग्रहण करने का निर्देश दिया है।
शासन के निर्देशों के क्रम में शिक्षामित्रों के स्थानांतरण और समायोजन की प्रक्रिया पूरी की गई है। शिक्षामित्रों से विकल्प और सूचना मांगी गई थी। प्राप्त विकल्पों के आधार पर विद्यालयों का आवंटन किया गया है। जारी सूची में शिक्षामित्रों के नाम, मानव संपदा आईडी, वर्तमान तैनाती वाले विद्यालय और विकासखंड के साथ नवीन विद्यालय का नाम दर्ज है।
गौर, रामनगर, विक्रमजोत, रुधौली, सल्टौआ, दुबौलिया, कप्तानगंज, हर्रैया, परशुरामपुर, साऊंघाट, बनकटी, बहादुरपुर, बस्ती सदर और नगर क्षेत्र के विद्यालयों में शिक्षामित्रों को नवीन तैनाती दी गई है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि संबंधित शिक्षामित्र तत्काल अपने आवंटित विद्यालय में कार्यभार ग्रहण करना सुनिश्चित करें। इसकी जिम्मेदारी संबंधित शिक्षामित्रों की होगी। बीएसए अनूप कुमार ने बताया कि शासन के दिशा-निर्देशों और शिक्षामित्रों से प्राप्त विकल्पों के अनुसार समायोजन की कार्रवाई की गई है। संवाद