बस्ती। यूं तो लंबे समय से रसोई गैस की कहीं कोई किल्लत नहीं आई लेकिन पिछले करीब एक पखवाड़े से घरेलू गैस की कम आमद से आम आदमी परेशान हैं। यहां मौजूद चार एजेंसियों पर लंबी लाइनें लग रही हैैं। एजेंसी पर पहुंच रहे अधिकांश ग्राहक बैरंग लौट रहे हैं। यही नहीं बुकिंग के रसोई गैस भी समय से उपभोक्ताओं के घर नहीं पहुंच पा रहा है। ऐसे में त्योहार के समय इन स्थितियों से उपभोक्ताओं में दिक्कत है।
जिले में तीन कंपनियों के एक दर्जन एजेंसियां संचालित होती हैं। इन एजेंसियों में बीपीसीएल, हिंदुस्तान पेट्रोलियम व आईओसी काम करती हैं। इन एजेंसियों ने पूरे जिले में रसोई गैस की आपूर्ति सुनिश्चित होती है। पिछले एक पखवाड़े से एक एक कंपनी के रसोई गैस की किल्लत खड़ी हो गई है। एजेंसियों के स्वामियों ने कहा कि चूंकि गैस की आपूर्ति बेहद कम हो गई है जिससे यह संकट खड़ा हुआ है। यही नहीं अब हर दो दिन बाद लोड मिल रहा है जिससे एक बार में तीन सौ सिलेंडर ही आते हैं जबकि जरूरत दोगुनी है। ऐसे में भीड़ बढ़ रही है और आपूर्ति कम हो गई है।
गैस लेने एजेंसी पर पहुंचे बभनगांवा निवासी सानू ने कहा कि दस दिन पहले बुकिंग कराई थी मगर अब तक गैस घर नहीं पहुंचा और सिलेंडर भी समाप्त हो गया है। यहां तो इतनी भीड़ है कि शायद आज सिलेंडर ले पाना मुमकिन नहीं हो पाएगा। कटरा स्थित एजेंसी पर गैस लेने पहुंचे कटरा निवासी राम कुमार ने कहा कि तीन दिन से गैस लेने के लिए चक्कर काट रहा हूं मगर आज भी उम्मीद नहीं है कि गैस मिलेगी। यदि सिलेंडर नहीं मिला तो त्योहार में दिक्कत होगी। इधर गैस की कमी को देखते हुए डीएम डॉ. राजशेखर ने गैस कंपनियों को पत्र लिखकर यहां सभी एजेंसियों पर गैस की बेहतर आपूर्ति सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया है। डीएसओ रमन मिश्रा ने कहा कि कंपनियों के अधिकारियों से वार्ता हुई है। होली से पहले स्थिति पटरी पर आ जाएगी। यह संकट एकाध दिन का है। होली से पहले सभी जरूरतमंदों को गैस मिल जाएगा।