बस्ती। शहर के तुरकहिया में 11 हजार वोल्ट का विद्युत तार टूट कर गिर गया जिससे विद्युत आपूर्ति घंटों बाधित रही। इस दौरान लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
रविवार की सुबह लगभग आठ बजे अचानक से बिजली का तार तुर्कहिया में टूट गिर गया। जिसकी सूचना लोगों ने तत्काल बिजली निगम को दी। हरकत में आई विद्युत टीम ने आपूर्ति ठप कर बताए गए स्थान पर पहुंची। तार को जोड़ने की कवायद शुरू की। इस दौरान शहर के बभनगांवा, तुरकहिया, गांधीनगर, महरीखांवा, दरियाखां सहित अन्य वार्डों में बिजली सप्लाई बंद हो जाने से लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। शहर के अजय श्रीवास्तव का कहना है कि सुबह का समय होने के चलते ज्यादातर काम प्रभावित हो गए। सबसे अधिक समस्या पानी को लेकर हुई। नंदिनी प्रकाश ने कहा कि लाइट कब चली जाए कुछ नहीं कहा जा सकता। कहा जाता है कि विद्युत व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, इतना कुछ करने के बाद भी यह हालत हैं। विशाल कुमार ने कहा कि ज्यादातर घर के काम बिजली पर ही निभर हैं चाहे वह कपड़ा धोना हो या फिर खाना बनाना हो। ऐसे में एक आधे घंटे तक तो गनीमत रहता है लेकिन छह घंटे बिजली न आए तो हाल बेहाल हो जाता है। राकेश शर्मा कहते हैं इस तरह की समस्या न आए इसके लिए प्रभावी कदम उठाया जाना जरूरी है। रवि कसौधन का कहना है कि अक्सर विद्युत निगम की लापरवाही से लोगों की जान चली जाती है क्योंकि ऐसी व्यवस्था बनाई जानी चाहिए कि तार टूटे ही न। आशुतोष सिंह ने कहा कि 11 हजार वोल्ट नाम सुनते ही डर लगता है। इसमें इतनी तीव्र बिजली प्रभावित होती है कि इसके संपर्क मात्र से ही लोगों की जान जा सकती हैं। अक्सर पक्षी इन तारों में उलझकर मर जाते हैं। इस संबंध में विद्युत वितरण खंड प्रथम के एसडीओ मनोज यादव ने बताया कि अज्ञात कारणों से 11 हजार वोल्ट का तार टूटकर गिर गया था किसी प्रकार के जनधन की हानि नहीं हुई है। विद्युत सप्लाई कुछ घंटों के लिए बाधित था जो अब चालू कर दी गई है।