कागज में 69 लाख से 16 सड़कों की गड्ढामुक्ति
अब तक पूरा हो सका मात्र दो मार्ग, बोर्ड फंड से शहर होगा गड्ढामुक्त
अमर उजाला ब्यूरो
बस्ती। शहर की सड़कों को गड्ढा बोर्ड फंड से चकाचक कराने का नगरपालिका परिषद की योजना है। हालांकि, अभी बोर्ड फंड करीब चार करोड़ रुपये ठेकेदारों और अन्य कार्य के चलते बकायेदार है। इसी मद से पालिका परिषद शहर की 16 सड़कों को 69 लाख खर्च कर गड्ढामुक्त करेगी। यह अलग बात है कि अक्तूबर के अंत तक होने वाले इस कार्य में अभी तक केवल दो सड़कों पर ही मरम्मत कार्य हो सका है।
सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए शासन व सरकार गंभीर है। इस गंभीरता को नगर पालिका ने संवेदनशीलता से लिया और करीब एक माह पहले तय हुआ कि शहर की 16 सड़कों के तीन किमी मार्ग को गड्ढामुक्त कर दिया जाएगा। इसके लिए योजना का प्रस्ताव हुआ और इस पर करीब 69 लाख रुपये खर्च करने की व्यवस्था बोर्ड फंड से बनाई गई। इसी बीच जिले के दौरे पर प्रदेश के न्यायिक अधिकारी का आगमन होने की सूचना के बाद पालिका प्रशासन ने आनन-फानन कंपनी बाग चौराहे से लेकर सिविल लाइन्स तक जबकि आचार्य रामचंद्र शुक्ल चौराहे से डीएम आवास होते हुए शास्त्री चौक तक की सड़क को गड्ढामुक्त कर दिया। हालांकि, यह कार्य पालिका ने ठेकेदार से उधार में करवा दिया, मगर शहर के शेष 14 स्थल की सड़क आज भी गड्ढामुक्ति का इंतजार कर रही हैं। सबसे चौंकाने वाली बात तो यह है कि जिस फंड से इन सड़कों को गड्ढामुक्त किया जाना है उस पर पहले से ही चार करोड़ से अधिक की बकायेदारी है और उस पर इसी मद से गड्ढामुक्ति की फिलहाल संभावना नहीं दिख रही है। खबर है कि पालिका इस फंड में धन आने का इंतजार कर रही है, क्योंकि बोर्ड फंड में हाउस टैक्स व वाटर टैक्स के अलावा अन्य मदों से धन संग्रह होता है, मगर अभी इसमें धनाभाव है। ऐसे में उम्मीद है कि गड्ढामुक्ति का सरकारी फरमान केवल कागजों में ही दौड़ सकेगा। नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी डॉ. मणिभूषण त्रिपाठी ने कहा कि बोर्ड फंड में वसूली के लिए व्यवस्था बनाई जा रही है। गड्ढामुक्ति राज्य वित्त से भी किया जा सकता है। ऐसे में धनाभाव की पूर्ति टैक्स व अन्य मदों के वसूूली से पालिका कर गड्ढा मुक्ति अभियान को गति देगी। रही बोर्ड फंड पर बकाये की बात तो धन आते ही सभी को भुगतान किया जाएगा।