हर्रैया (बस्ती)। जिला अधिकारी अरविंद कुमार सिंह सोमवार को अचानक हर्रैया तहसील पहुंच गए। साहब की कार देखते ही तहसील कर्मियों ने एसडीएम से लेकर तहसीलदार तक को दौड़ दौड़कर सूचना दी। 40 मिनट के दौरान अफरा तफरी का माहौल बना रहा।
करीब 11.20 बजे तहसील परिसर में पहुंचते ही तहसीलदार नवीन प्रसाद से आय, जाति, निवास प्रमाण पत्रों की अपडेट स्थिति जानी। जिसके बाद कंप्यूटर फीडिंग कक्ष में पहुंचे जहां राजस्व कर्मी के सामने एक अमल दरामद का पुराना प्रार्थना पत्र पड़ा देखकर अब तक हुई कार्रवाई की बाबत जानकारी मांगी। इस बाबत न तो तहसीलदार और न ही राजस्व कर्मी कोई ठोस जवाब दे पाए। डीएम ने स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए। निरीक्षण क्रम में खतौनी कक्ष के सामने लाइन में लगे से काश्तकारों से मिल रही सुविधाओं का हाल जाना। किसी ने बताया कि वह सुबह नौ बजे से लाइन में है मगर खतौनी नहीं मिल सकी है। डीएम ने कंप्यूटर ऑपरेटर से कारण पूछा। सर्वर डाउन होने के चलते हो रही असुविधा बताई। अभिलेखागार में रख रखाव पर संतुष्टि जताई। एसडीएम हरिश्चंद्र सिंह के कक्ष में तहसील के अधिकारियों के साथ बैठक कर दिशा निर्देश दिए। करीब 40 मिनट के औचक निरीक्षण के दौरान राजस्व कर्मियों की सांसें अटकी रहीं।