तीन चरणों में आयोजित चयन ट्रायल में छह खिलाड़ी सफल
बस्ती। प्रदेश के तीनों खेल कॉलेजों के लिए आयोजित चयन ट्रायल का परिणाम आ चुका है। एथलेटिक्स, फुटबॉल, वॉलीबॉल, कबड्डी व तैराकी में छह खिलाड़ियों का चयन खेल कॉलेजों के लिए हुआ है।
उल्लेखनीय है कि खेल कॉलेजों के लिए जिला व मंडल स्तरीय चयन ट्रायल मई में अमर शहीद सत्यवान सिंह स्टेडियम में हुआ था। जिसमें ढाई सौ से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। मुख्य चयन ट्रायल में सफल खिलाड़ियों का दाखिला खेल कॉलेजों में कक्षा छह में होगा। खेल निदेशालय के अधीन संचालित गुरु गोविंद सिंह खेल कॉलेज लखनऊ, वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज गोरखपुर और मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स कालेज सैफई में खिलाड़ियों का प्रवेश चयन ट्रायल के आधार पर होता है।
जिला व मंडल स्तर पर चयनित खिलाड़ियों को राज्य स्तर पर ट्रायल देना पड़ता है। इसमें सफल होने के बाद उन्हें 15 दिन के लिए केंद्रीय प्रशिक्षण शिविर भेजा जाता है। जहां खिलाड़ियों की क्षमता जांच, खेल कौशल आदि परखा जाता है। केंद्रीय प्रशिक्षण शिविर में पास होने वाले खिलाड़ियों को खेल कॉलेजों में प्रवेश दिया जाता है। तीन चरणों में आयोजित चयन ट्रायल में एथलेटिक्स 100 मीटर में हर्ष गोस्वामी, एथलेटिक्स 400 मीटर में अभिनव गोस्वामी, फुटबॉल में विमल कृष्ण शुक्ला, वालीबॉल में मनउवर हुसैन, कबड्डी में उमा महेश्वर, तैराकी में चंद्रपाल सफल हुए हैं।
------
चयनित खिलाड़ियों के घर भेजा जा रहा है काउंसलिंग लेटर
क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी संजय शर्मा ने बताया कि तीनों खेल कॉलेजों में प्रवेश के लिए छह खिलाड़ी चयन ट्रायल में सफल हुए हैं। सभी खिलाड़ियों का काउंसलिंग लेटर उनके घर भेजा जा रहा है। इसके अलावा खिलाड़ी अपना परिणाम वेबसाइट www.sportscollegelko.in पर भी देख सकते हैं।