लंबे समय से नगर पालिका क्षेत्र को विस्तारित करने के प्रस्ताव पर शासन ने मुहर लगा दी है। इसके तहत शहर से सटे 59 गांवों को नगर पालिका क्षेत्र में शामिल किया जाएगा। शहर के चारों ओर पांच किलोमीटर की परिधि में बसे इन गांवों को शहर जैसी सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगीं। नगर पालिका अध्यक्ष रूपम मिश्रा इन गांवों के विकास के लिए सर्वे कराने की योजना बना रही हैं। सब कुछ ठीक-ठाक रहा तो अगले वित्तीय वर्ष में ये गांव शहर में शामिल हो जाएंगे।
पालिका क्षेत्र के विस्तार को लेकर पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अशोक कुमार श्रीवास्तव ने प्रस्ताव बनाया था। जब तक इस प्रस्ताव पर कुछ कवायद होती उनका कार्यकाल समाप्त हो गया। 2012 के चुनाव के बाद यह प्रस्ताव ठंडे बस्ते में चला गया। अब फिर से नगरपालिका क्षेत्र के विस्तारीकरण को लेकर नगर पालिका अध्यक्ष रूपम मिश्रा ने पहल की और शासन स्तर पर लंबित प्रस्ताव को शासन के संज्ञान में डाला। इस प्रस्ताव पर शासन ने सप्ताह भर पहले अपनी सहमति दे दी है। इन गांवों को शामिल करने के बाद यहां सड़क, पानी, स्ट्रीट लाइट व नाला, नाली की सुविधाएं पालिका मुहैया कराएगी।
नगर पालिका अध्यक्ष रूपम मिश्रा ने बताया कि नगरपालिका के विस्तारीकरण के लंबित प्रस्ताव पर शासन की मुहर लग चुकी है। इसे शामिल करने के लिए इसका भौगौलिक दृष्टि से सर्वेक्षण जरूरी है। सर्वेक्षण के बाद गांवों को शहर में शामिल करने की औपचारिकता पूरी कर ली जाएगी। इसके बाद यहां विकास कराया जाएगा। ताकि इन गांवों के नागरिकों को भी शहरी सुविधाएं मुहैया हो सकें।
नगर पालिका क्षेत्र में आने वाले प्रमुख गांव
चैनपुर, महुडार, देईपार, दसिया, खीरीघाट, संतपुर, हरदिया बुजुर्ग, मड़वानगर, बरगदवा, बड़ार, ऊंचीभीटी, मूड़घाट, बड़ावन, देऊरी, हवेली खास, संसारपुर, खोरहवा, लाकैहवा, बेलगड़ी, मिश्रौलिया, डारीडीहा, जामडीह शुक्ल, गिदही खुर्द, परसा तकिया, जिगना, बाईपोखर समेत 59 गांव।