बस्ती। जिले में संचालित सीएम युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत अब आवेदन करने वाले युवाओं के लिए ऑनलाइन ट्रेनिंग अनिवार्य कर दी गई है। ट्रेनिंग में 30 मिनट की वीडियो भी बनाकर उसे दिखाना होगा। उसके बाद आवेदन सबमिट होगा। चालू सत्र में मंडल के तीनों जनपदों में 5600 युवाओं को लाभ मिलेगा।
बताया गया कि योजना के पोर्टल पर पंजीकरण के बाद आवेदक को 30 मिनट की वीडियो रिकॉर्डेड सामग्री दिखाई जाएगी, जिसमें योजना से जुड़ी सभी जानकारी, ऋण लेने की प्रक्रिया व व्यवसाय करने की जानकारी मिलेगी। वीडियो देखने के बाद ही आवेदन सबमिट (जमा करना) होगा। वहीं, शासन ने बैंक स्तर पर आवेदन रिजेक्ट (अस्वीकृत) करने प्रतिबंध लगा दिया है। आवेदन में किसी तरह की कमी मिलने पर बैंक अब उपायुक्त उद्योग को आवेदन वापस करेंगे।
संबंधित अधिकारी 48 घंटे में वांछित कमियों को पूरा करके आवेदन फिर बैंक को भेजेंगे। मंडल के बस्ती में 2200, संतकबीरनगर में 1600 और सिद्धार्थनगर में 1800 समेत वित्तीय वर्ष 2026-27 में 5600 युवाओं को याेजना का लाभ देने के लिए लक्ष्य निर्धारित किया गया है। योजना के तहत चयनित लाभार्थी को पांच लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण दिलाया जाता है।
पिछले साल 2200 का था लक्ष्य, 1920 यूनिट स्थापित : पिछले वित्तीय साल में जनपद बस्ती को 2200 का लक्ष्य जारी किया गया था। जिसमें 2150 आवेदन स्वीकृत हुए थे। 50 आवेदन तकनीकी खामियों के चलते रिजेक्ट हो गए थे। 2150 में से 1920 युवाओं ने यूनिट स्थापित किया, वहीं 230 ने यूनिट नहीं स्थापित की, तो उनका आवेदन भी स्वत: समाप्त हुआ।