रोजगार मेला में चयनित युवाओं को प्रमाण पत्र देते अतिथि स्रोत विभाग
- फोटो : Archive
हर्रैया। नेशनल इंटर कॉलेज हर्रैया परिसर में बुधवार को रोजगार मेले का आयोजन किया गया। क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय और विद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित मेले में 22 कंपनियों ने करीब 2000 पदों पर भर्ती के लिए अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया। 523 अभ्यर्थी अगले चरण के लिए चुने गए।
मेले में करीब 1200 युवाओं ने प्रतिभाग किया। चयनित 11 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र और ऑफर लेटर दिए गए। शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक प्रतिनिधि पं. सरोज मिश्र, एसडीएम हर्रैया प्रद्युम्न कुमार, विद्यालय प्रबंधक वैभव सिंह सौरभ, अमरनाथ सिंह, चंद्रकांत सिंह, सहायक निदेशक सेवायोजन बस्ती और जिला सेवायोजन अधिकारी अवधेंद्र प्रताप वर्मा ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
विधायक प्रतिनिधि ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य युवाओं को बेहतर रोजगार दिलाना है। एसडीएम प्रद्युम्न कुमार ने कहा कि युवाओं को अपने क्षेत्र में ही साक्षात्कार के माध्यम से रोजगार पाने का अच्छा अवसर मिल रहा है।
सहायक निदेशक सेवायोजन चंद्रकांत सिंह ने बताया कि रोजगार मेला पूरी तरह निशुल्क है। अभ्यर्थियों ने अपनी शैक्षिक योग्यता के अनुसार कंपनियों के काउंटर पर बायोडाटा जमा कर साक्षात्कार में हिस्सा लिया। प्रधानाचार्य विनोद प्रकाश ने अतिथियों के प्रति आभार जताया।