प्रबंध निदेशक विद्युत को गिनाई समस्याएं, सौंपा ज्ञापन
मुख्य अभियंता पर लगाया शोषण का आरोप
निविदाकर की धनराशि में गबन की भी बात कही
अमर उजाला ब्यूरो
बस्ती। बिजली कर्मचारी संघ ने प्रबंध निदेशक विद्युत को समस्याएं गिनाईं और सात सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। अध्यक्ष अशर्फीलाल ने मुख्य अभियंता पर आरोप लगाते हुए कहा कि कई बार लिखित रूप से वार्ता कर कर्मचारियों की समस्याओं से अवगत कराया गया है। लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
कहा कि वर्ष 2012 से अब तक का ईपीएफ व ईएसआई का करोड़ों रुपये गबन कर लिया गया है। कहा कि पॉवर कॉपोरेशन के आदेशानुसार सितंबर 2018 तक कर्मचारियों व उनके देयकों का विवरण पोर्टल पर अपलोड होना था, जो आज तक नहीं हो पाया है। मांग की कि उन्हीं श्रमिकों का पोर्टल पर पंजीकरण और भुगतान कराया जाए जो संविदाकर्मी विभाग में कार्य कर रहे हैं। बताया कि वर्ष 2012 से आज तक ईपीएफ व ईएसआई मद में कटौती की गई। धनराशि का लेखाकर व निविदाकर की करोड़ों रुपये की धनराशि का गबन कर लिया गया है। कहा कि विद्युत मजदूर कल्याण समिति बाहय एजेंसी प्रदाता को अवैधानिक रूप से बिना मानक पूर्ण कराए, बिना कर्मचारियों की सूची सत्यापित कराए जून 2018 में अनुबंध कर दिया। इससे उपकेंद्र पर अनुरक्षण का कार्य कर रहे मजदूरों के वेतन मद के पैसे का गबन कर लिया गया है, ऐसे में निविदाकर को ब्लैक लिस्टेड घोषित किया जाए। कहा कि रेगुलर कर्मचारियों के वर्ष 2006 से आज तक जीपीएफ स्लिप नहीं दिलाई गई। इससे कर्मचारियों के पैसे की हेराफेरी व ब्याज की आर्थिक क्षति हो रही है। इस दौरान नकुल चौधरी, प्रेम प्रकाश, सालिक राम चौधरी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।