प्रबंध निदेशक गोविंद राजू ने किया विद्युत उपकेंद्र का निरीक्षण
लाइनों की पेट्रोलिंग किए जाने का दिए निर्देश
बोले, उपभोक्ताओं की समस्या का करें निस्तारण
अमर उजाला ब्यूरो
बस्ती। पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक गोविंद राजू व निदेशक वाणिज्य ओपी दीक्षित ने जोन में 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र का निरीक्षण किया। इसके बाद मुख्य अभियंता वितरण सभागार में आयोजित कार्यशाला में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
प्रबंध निदेशक ने बिलिंग एजेंसियों से कहा कि उपभोक्ताओं को बिल संबंधी कोई भी समस्या न हो इसका ध्यान रखा जाए। यदि किसी उपभोक्ता के बिल में गलती हुई हो तो शीघ्र उनकी समस्या का निस्तारण किया जाए। कहा कि मीटर रीडरों को निर्देशित करें कि उपभोक्ताओं को सही बिल मुहैया कराएं। उन्होंने उपकेंद्र के नोडल अधिकारियों को बेहतर विद्युत सेवा दिए जाने के निर्देश दिए। कहा कि सभी नोडल अधिकारी अपने 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र पर विभाग की ओर से निर्धारित पंजिकाएं रखें। प्रबंध निदेशक ने सिद्धार्थनगर में खैरटिया, सतंकबीरनगर में मेंहदावल, बस्ती में कलवारी उपकेंद्र का निरीक्षण किया। निदेशक वाणिज्य ओपी दीक्षित ने अमहट व मुंडेरवा उपकेंद्र का निरीक्षण किया। दीक्षित ने आगामी ग्रीष्मकाल को ध्यान में रखते हुए 33/11 केवी व 11 केवी लाइनों की पेट्रोलिंग, ट्रांसफॉर्मरों की क्षमता वृद्धि, उचित क्षमता के फ्यूज वायर लगाने, रिले व समय-समय पर ट्रांसफॉर्मर के तेल की चेकिंग कराने के निर्देश दिए।