महाविद्यालय परीक्षा में जांच के दौरान बवाल
आरोपी बनाए गए छात्रों ने विवाद में शामिल न होने की बात कही
अमर उजाला ब्यूरो
रुधौली। थाना क्षेत्र के एक महाविद्यालय में बीएससी तृतीय वर्ष की परीक्षा शुरू होने से पहले चेकिंग के दौरान छात्रों और महाविद्यालय के शिक्षकों के बीच विवाद हो गया। मामला बढ़ते देखकर डायल 100 और रुधौली थाने पर सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस परीक्षा के बाद छह छात्रों को थाने ले आई।
पटेल शिक्षक प्रशिक्षण महिला डिग्री कॉलेज भीटारामसेन के केंद्राध्यक्ष ध्रुवचंद चौधरी ने बताया कि सुबह की पाली में जंतु विज्ञान का चौथा प्रश्नपत्र था। परीक्षा देने वाले छात्रों की गेट पर चेकिंग हो रही थी। इसी बीच एक छात्र से चेकिंग के दौरान जूता निकालने को कहा गया। जिससे छात्र और वहां खड़े शिक्षक के बीच विवाद शुरू हो गया। एक स्टाफ ने छात्र को चाटा जड़ दिया। जिसके बाद मामले ने तूल पकड़ लिया। केंद्राध्यक्ष ने तहरीर देकर विशाल, अंकित वर्मा, सुबाष त्रिपाठी, अंशुमान, रामकुमार, मयंक, आशीष चौधरी व राना अमर प्रताप सिंह पर परीक्षा केंद्र पर उत्पात मचाने का आरोप लगाया है। विद्यालय में रखे गमलों को नीचे फेंकने से विद्यालय के विक्रम कुमार आनंद और ध्रुवचंद के सिर तथा पैर में चोट आई है। दूसरी ओर घटना में आरोपी बनाए गए छात्र विशाल ने बताया कि जूता निकालने के लिए कहने पर जूता निकाल दिया था। इसी बीच गेट पर शिक्षक हरिश्चंद्र के साथ एक अन्य व्यक्ति जूते की तलहटी निकाल कर दिखाने के लिए कहा । तलहटी चिपके होने की बात पर मुझे चाटा जड़ दिया। विशाल के साथ आरोपी बनाए गए अन्य छात्रों का कहना है कि गेट पर चेकिंग के दौरान केवल विशाल से विवाद हुआ था। अन्य छात्रों को गलत ढंग से आरोपी बनाया गया है। प्रभारी निरीक्षक रामपाल यादव ने बताया कि थाने ले गए सभी छात्रों का फिलहाल शांतिभंग में चालान किया जा रहा है। इसके अलावा तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
परिषदीय विद्यालयों में अंग्रेजी और कला की परीक्षा
गौर। परिषदीय विद्यालयों में चल रहे वार्षिक परीक्षा के तीसरे दिन सोमवार को प्रथम पाली में अंग्रेजी और द्वितीय पाली में कला विषय की परीक्षा हुई। पूर्व माध्यमिक विद्यालय पैकोलिया बरुवार में 153 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुईं। लालचंद, सीता, अंजू, आराधना वर्मा, संध्या सक्सेना, काजल, जिया आदि ने बताया कि अंग्रेजी के प्रश्नपत्र में पुस्तिका से कम जबकि ग्रामर से अधिक प्रश्न पूछे गए जो काफी कठिन था। वहीं कला विषय में आलेखन, आठ पत्तियों का ओस्टवाल्ड रंगों की पहचान जैसे सवाल पूछे गए थे। इसी तरह क्षेत्र के अंग्रेजी माध्यम प्राथमिक विद्यालय परसागना की प्रधानाध्यापिका श्वेता सिंह ने बताया कि दोनों पालियों में कुल 146 बच्चों ने परीक्षा दी। प्राथमिक विद्यालय पैकोलिया बरुवार में 135 ने परीक्षा दी। प्राथमिक विद्यालय सेमरा में 100, प्राथमिक विद्यालय बरगदवा में 53, प्राथमिक विद्यालय गड़हा पांडेय में 61, प्राथमिक विद्यालय सरैयाखास में 77, पूर्व माध्यमिक विद्यालय तेनुआ में 135 बच्चे पंजीकृत रहे। जिसमें 126 ने परीक्षा दी। जबकि 11 ने परीक्षा छोड़ दी। पूर्व माध्यमिक विद्यालय महुआ बरगदवा में 40 और सेखुई में 48 परीक्षार्थी शामिल हुए।
सीबीएसई: 40 ने छोड़ी गणित की परीक्षा
बस्ती। सीबीएसई की इंटरमीडिएट गणित की परीक्षा सोमवार सुबह 10:30 से 12:30 तक पांच केंद्रों पर हुई। परीक्षा में कुल 799 छात्र-छात्राओं में से 40 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
सीबीएसई के जिले में 23 विद्यालय मान्यता प्राप्त हैं। जिसके लिए पांच केंद्र बनाए गए हैं। जिसमें केंद्रीय विद्यालय में 51 छात्र पंजीकृत थे। कोई छात्र अनुपस्थित नहीं रहा। श्रीराम पब्लिक स्कूल में 76 पंजीकृत थे चार छात्रों ने परीक्षा छोड़ी। सरस्वती विद्या मंदिर रामबाग में 254 पंजीकृत थे जिसमें से 22 ने परीक्षा छोड़ी है। सेंट जेवियर्स केंद्र पर 205 छात्र-छात्राओं को परीक्षा देनी थी, जिसमें 12 छात्र अनुपस्थित रहे। सेंट्रल एकेडमी में 213 छात्र थे। दो छात्रों ने परीक्षा छोड़ दी है। सचल दल टीम प्रभारी एके श्रीवास्तव, मुकेश गुप्ता, जनार्दन यादव के साथ सभी केंद्रों का निरीक्षण किया। किसी भी तरह की कहीं कोई कमी नहीं पाई गई है।
यूपी बोर्ड: इंटर में 80, हाईस्कूल 50 प्रतिशत मूल्यांकन पूरा
होली के अवसर पर 20 और 21 मूल्यांकन कार्य बंद रहेगा
अमर उजाला ब्यूरो
बस्ती। माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की हाईस्कूल और इंटर परीक्षा की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन सोमवार तक करीब 80 प्रतिशत पूरा किया जा चुका है। होली पर्व को देखते हुए 20 और 21 मार्च को मूल्यांकन बंद रहेगा।
हाईस्कूल की कॉपियों का मूल्यांकन केंद्रों पर दो दिन कार्य स्थगित होने के कारण अभी 50 प्रतिशत ही हो सका है। जीजीआईसी की प्रधानाचार्या नीलम सिंह ने कहा कि अभी तक 102645 कॉपियां जांची जा चुकी हैं। जिसमें ऊर्दू, गाणित, शिक्षा शास्त्र और रसायन विज्ञान के विषय का मूल्यांकन पूरा हो गया है। 16077 उत्तर पुस्तिकाएं शेष हैं। जीआईसी के प्रधानाचार्य शिव बहादुर सिंह ने बताया कि साहित्यिक हिन्दी, भूगोल, नागरिक शास्त्र, अर्थशास्त्र, प्रवाधिक कला, समाजशास्त्र, काष्ठकला, वाणिज्य, कृषि, और व्यावसायिक समेत 20 विषयों का मूल्यांकन पूरा हो गया है। केवल 24752 कॉपियां शेष हैं। हाईस्कूल के मूल्यांकन केंद्र श्रीकृष्ण पांडेय इंटर कॉलेज में 58547 कापियों का मूल्यांकन हो चुका है। केवल 29196 कॉपियां मूल्यांकन के शेष हैं। जीआरएस इंटर कॉलेज के मूल्यांकन इंचार्ज ओम प्रकाश श्रीवास्तव ने कहा कि 60426 कॉपियां जांचीं जा चुकी हैं। अभी 52475 कॉपियां बाकी हैं। दो दिन डीएलएड की परीक्षा होने के कारण मूल्यांकन स्थगित था। इसके कारण कॉपियों का मूल्यांकन नहीं हो पाया था। इसके कारण कॉपियां बची हुईं हैं।