बस्ती। प्रयाग में कुंभ का आगाज मकर संक्रांति यानी 14 जनवरी से शुरू हो जाएगा। प्रयाग राज के कुंभ मेले में देश ही नहीं विदेश के भी लोगों की नजर रहती है। लाखों की संख्या में यहां श्रद्धालु पहुंचते हैं।
प्रदेश सरकार ने इस बार कुंभ को यादगार बनाने की हर कोशिश की है, मगर यहां मेला जाने वाले श्रद्धालुओं को पहुंचाने के लिए रेलवे ने कुंभ से पहले ही हाथ खड़े कर दिए हैं। रेलवे ने कोहरे के चलते ट्रेनों के निरस्त होने की घोषणा कर दी है। इस घोषणा के मुताबिक 13 जनवरी से 15 फरवरी तक प्रयाग जाने वाली सभी ट्रेनें निरस्त रहेंगी। रेलवे ने इसके लिए खराब मौसम पर ठीकरा फोड़ा है। अब परिवहन निगम के बसें ही यहां आने जाने वालों की सहारा बनेंगी। अभी तक प्रयाग के लिए दो बसें संचालित की जा रही है, मगर कुंभ को देखते हुए परिवहन प्रशासन पूरी तैयारी को अमली जामा पहनाने में जुटा है। मेला के लिए गोरखपुर मुख्यालय पर शुक्रवार को तैैयारियों की रूपरेखा बनाई गई। इसके बाद द्वितीय चरण में लखनऊ में शनिवार को उच्चाधिकारियों की बैठक में बसों के संचालन को लेकर खाका तैैयार किया जाएगा। परिवहन निगम के एआरएम ने बताया कि कुंभ की तैयारी निगम ने शुरू कर दी है। यूं तो प्रयाग के लिए नियमित दो बसें चल रही हैं। मेला की तैयारियों का पूरा खाका शनिवार को लखनऊ में उच्चाधिकारियों की बैठक में हुए निर्णय के बाद खींचा जाएगा।