नाले में घटिया सामग्री लगाई, भड़के लोग
रुधौली कस्बे में बन रहा 1.5 किमी सीसी सड़क व नाला
4.61 करोड़ की लागत से चल रहा दोनों निर्माण कार्य
अमर उजाला ब्यूरो
रुधौली। लंबे संघर्ष के बाद नगर वासियों को गड्ढा मुक्त सड़क साथ ही गंदा पानी निकासी के लिए नाला मिल गया। रुधौली में डेढ़ किलो मीटर सीसी रोड के निर्माण के दौरान घटिया सामग्री के इस्तेमाल देख लोग भड़क गए। कार्यदायी संस्था के लोगों से विवाद बढ़ता देखकर जेई ने हस्तक्षेप कर मामला शांत करा दिया।
कस्बे में नाला और सड़क निर्माण के लिए लगभग पौने पांच करोड़ की धनराशि स्वीकृति हुई है। कस्बे में 500 मीटर की सीसी सड़क तथा मेंहदावल-डुमरियागंज मार्ग पर एक किलोमीटर सीसी सड़क लोक निर्माण विभाग बनवा रहा है जिसके एवज में कुल 4.6 करोड़ की धनराशि मिली। सीसी सड़क का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है। सड़क के दोनों ओर नाली निर्माण का कार्य चल रहा है। वर्तमान में रुधौली डुमरियागंज मार्ग पर नाला निर्माण किया जा रहा है। गुणवत्ताविहीन निर्माण कार्य देखकर स्थानीय लोगों ने शिकायत दर्ज कराई। दुर्गेश त्रिपाठी, मनोज अग्रहरि, घनश्याम शर्मा, सुरेश गुप्ता ने सड़क व नाले के बीच दूरी को लेकर बरती जा रही लापरवाही के खिलाफ आवाज उठाते घर के सामने हो रहे निर्माण को रुकवा दिया। इसके बाद मौके पर पहुंचे कार्यदायी संस्था के जिम्मेदार संतोष पांडेय व स्थानीय लोगों के बीच बहस शुरू हो गई। इसी बीच वहां उपस्थित जेई अजय सिंह के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ। इस बाबत जेई अजय सिंह का कहना है कि मौके पर किसी प्रकार का कोई विवाद नहीं हुआ था, नाली निर्माण को लेकर कुछ परेशानियां थीं जिससे स्थानीय लोगों के साथ ठेकेदार ने सुलझा लिया है।