जिले में 51 नए कोरोना पॉजिटिव, 32 हुए स्वस्थ
बस्ती। बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर से मंगलवार को आई जांच रिपोर्ट में 51 नए कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। अब जिले में संक्रमितों की संख्या 3534 पहुंच गई है। मृतकों की संख्या 70 है। हालांकि 32 मरीजों की तीसरी जांच रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। अब तक जिले में 3098 मरीज निगेटिव हो चुके हैं। एक्टिव केस 366 हैं। यह जानकारी डीएम आशुतोष निरंजन ने दी है।
डीएम ने बताया कि जिले से अब तक 115465 संदिग्ध लोगों के नमूने जांच के लिए भेजे जा चुके हैं। इसमें 114532 लोगों की रिपोर्ट प्राप्त हुई है। 110998 की रिपोर्ट निगेटिव रही। 933 लोगों की रिपोर्ट का इंतजार है। कोरोना संक्रमण के मामले मिलने के बाद जिलेभर में 178 जगहों को कंटेंमेंट जोन घोषित किया गया है। सदर तहसील में 102, हर्रैया में 52, भानपुर में आठ व रुधौली में 16 कंटेंमेंट जोन बनाए गए हैं। डीएम ने बताया कि कंटेंमेंट जोन में सामान्य रूप से जनजीवन प्रतिबंधित है।
डीएम ने बताया कि निजी अस्पतालों को भी कोरोना की जांच के निर्देश दिए गए हैं। बिना जांच किसी का इलाज संभव नहीं है। निजी अस्पतालों को एंटीजन किट उपलबध कराया गया है। बिना जांच किए यदि निजी चिकित्सालय में इलाज करने की शिकायत मिली तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई होगी।