बस्ती। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने सोमवार को शहर से लेकर कस्बाई क्षेत्रों में मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान चलाया। टीम ने हर्रैया क्षेत्र में बदबूदार खोआ मिलने पर उसे जब्त कर नष्ट कराया। पांच सैंपल भी भरा गया। 50 किलो दूषित खोआ नष्ट करते हुए पनीर, खोआ और रसगुल्ला व बर्फी का नमूना लिया, जिसे जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा। कार्रवाई से दुकानदारों में हड़कंप मच गया।
सहायक आयुक्त खाद्य एवं औषधि प्रशासन चितरंजन कुमार सिंह ने बताया कि होली के दृष्टिगत शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से हर्रैया, बस्ती सदर तहसील क्षेत्र में छापेमारी की गई। हर्रैया में 50 किलोग्राम दूषित खोआ मिला। जांच के दौरान मिलावटी मिलने पर सैंपल लेकर उसे नष्ट करवा दिए। इसके अलावा इसी क्षेत्र से दो और खोआ के नमूने लिए गए। मिठाई में रसगुल्ला और बर्फी का नमूना भरा गया। सदर क्षेत्र के शहर में एक पनीर का नमूना लिया गया। वहीं लालगंज और मुंडेरा से खोआ का नमूना लिया गया।
गोंडा और बस्ती की संयुक्त टीम ने बभनान में मारा छापा : होली के दृष्टिगत गोंडा से सटे क्षेत्र बभनान कस्बे में गोंडा और बस्ती जनपद की खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई से हड़कंप मच गया। एक दुकान से राजा ब्रांड का केक बरामद करते हुए उसे सीज करते हुए सैंपल लिए। संबंधित दुकानदार को बिक्री न करने के निर्देश दिए। बताया गया कि 35 से अधिक पैकेट केक बरामद किया गया।