शहर के कटरा में अनीता श्रीवास्तव के घर पर लगा सोलर प्लांट स्रोत विभाग
बस्ती। जिले में पीएम सूर्य घर योजना से हजारों लोग लाभान्वित हो रहे हैं। यह योजना उपभोक्ताओं को महंगी बिजली से राहत देकर ऊर्जा आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ा रही है। इस साल 4956 भवनों पर प्लांट लगाने की योजना है। बताया जा रहा है कि यह योजना अंतिम साल में है।
जिले के निवासियों के लिए खुशखबरी है। इस साल छूटे लोग पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से आच्छादित हो सकेंगे। जिले के 15 हजार घरों को सौर ऊर्जा से रोशन किया जाएगा। बस्ती को दिए गए संपूर्ण लक्ष्य के अनुसार मई माह 2026 तक 3317 सोलर प्लांट लग चुके हैं। इस साल 4956 भवनों पर प्लांट लगाने की योजना है। योजना के तहत एक किलोवाट पर 45 हजार और दो किलोवाट पर 90 हजार तो तीन किलोवाट से लेकर 10 किलोवाट तक पर सब्सिडी 1.80 लाख रुपये सब्सिडी मिलेगा।
कटरा की उपभोक्ता अनीता श्रीवास्तव ने बताया कि पहले प्रतिमाह दो हजार रुपये से अधिक बिजली का बिल आता था। उन्होंने सीडीओ से मिलकर यूपीनेडा से सोलर प्लांट के लिए आवेदन किया। उनके घर पर दो किलोवाट का अनग्रिड सोलर पावर प्लांट स्थापित कराया गया। ई-स्कूटी भी इसी से चार्ज होती है, जिससे पेट्रोल का खर्च बच रहा है। इंडक्शन चूल्हे का उपयोग किया जाता है।
नेडा प्रभारी एसडीएम राजेश यादव ने बताया कि लक्ष्य के अनुसार प्लांट लगाए जा रहे हैं। बड़े प्लांट में विकास भवन और डीएम कलेक्ट्रेट व डीएम आवास भी शामिल हैं। वहीं, अन्य परिवार योजना का लाभ ले रहे हैं। अधिकांश का बिजली बिल शून्य है। नागरिकों से अपील है कि अधिक से अधिक इस योजना का लाभ लें।