49 मामलों को मिली मिली सिर्फ ‘तारीख’
जिलास्तरीय आयोजन में शासन चिह्नित करेगा 38 अधिकारी
बिना अनुमति शासन से चिह्नित अधिकारी नहीं भेज सकेंगे दूसरे अफसर
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। जिला मुख्यालय पर शनिवार को कोरोना काल के बाद पहला संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित हुआ। डीएम सौम्या अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में 55 शिकायतें आईं और महज छह का निस्तारण हुआ, 49 मामलों में अगली तारीख दी गई। डीएम ने इन लंबित मामलों को मौके पर जाकर निस्तारित करने का निर्देश दिया है।
डीएम ने कहा कि नए शासनादेश के अनुसार प्रत्येक माह के पहले और तीसरे शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन तहसीलों में किया जाएगा। जिला स्तरीय तहसील दिवस में शासन द्वारा चिह्नित 38 अधिकारियों को उपस्थित रहना अनिवार्य है। बिना उनसे अनुमति प्राप्त किए कोई भी अधिकारी अपने सेकेंड अफसर को नहीं भेजेगा। समाधान दिवस में सदर विधायक दयाराम चौधरी, आईजी अनिल राय, एसपी आशीष श्रीवास्तव ने भी लोगों की समस्या सुनीं। ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर सौरभ द्विवेदी ने बताया कि प्रत्येक जिलास्तरीय तहसील दिवस में डीएम आईजीआरएस एवं सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का निस्तारण की समीक्षा करेंगी। एसपी ने कहा कि प्रत्येक तहसील दिवस में विभागों की ओर से दर्ज कराए गए मुकदमों की समीक्षा की जाएगी। इसमें विवेचक भी बुलाए जाएंगे। सभी अधिकारी दर्ज मुकदमों में सक्रिय सहयोग करके दोषियों को सजा दिलाएं। विधायक, डीएम और एसपी ने किसान अयोध्या प्रसाद, पंकज, त्रियुगी नारायण, रविंद्र कुमार को 4-4 किलोग्राम उरद की दाल के बीज का मिनी किट दिया। उप निदेशक कृषि डॉ. संजय त्रिपाठी ने बताया कि ये गुणवत्तापूर्ण बीज प्रदर्शन के लिए दिए जा रहे हैं। जिला कृषि अधिकारी संजेश श्रीवास्तव ने बताया कि इससे एक एकड़ में बुआई हो सकेगी। इस मौके पर एसडीएम पवन जायसवाल, पीडी कमलेश सोनी, डीसी मनरेगा इंद्रपाल सिंह, एनआरएलएम रामदुलारे, अधिशासी अभियंता सरयू नहर खंड-4 राकेश कुमार गौतम व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
भानपुर में 31 में से सात निस्तारित
भानपुर। संपूर्ण समाधान दिवस में एडीएम अभय कुमार मिश्र और एएसपी दीपेंद्र नाथ चौधरी ने फरियादियों की सुनी। कुल 31 शिकायतें दर्ज कराईं, जिनमें से राजस्व के सात मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। इस मौके पर उपस्थित विधायक संजय प्रताप जायसवाल ने कहा फरियादियों के समस्याओं का समय से समाधान हो और उन्हें बार-बार न दौड़ाया जाए। इस मौके पर जेएम व एसडीएम अमृत पाल कौर, तहसीलदार केशरी नंदन तिवारी आदि मौजूद रहे। संवाद