बस्ती। नगर पालिका परिषद चालू वित्तीय वर्ष में 14 वें वित्त और अवस्थापना निधि के रकम से शहर में विकास का पहिया दौड़ाने की कोशिश करेगी। सोमवार को हुई बोर्ड की बैठक में नगर पालिका की तरफ से 44.96 करोड़ रुपये खर्च और 45.01 करोड़ रुपये आय के प्रस्तावित बजट पर मोहर लगा दी गई। इसमें कहा गया कि नगर पालिका इस साल शहर में 14 वें वित्त और रजिस्ट्री में लगने वाले स्टांप शुल्क में से दो प्रतिशत मिलने वाली अवस्थापना निधि की रकम से विकास के काम कराएगी।
औपचारिकताएं पूरी करने के साथ ही बैठक की शुरूआत हुई। नगर पालिका के प्रभारी अधिशासी अधिकारी केके चौबे ने बैठक शुरू करने की घोषणा की। तत्पश्चात सदस्यों ने सफाई, पथ प्रकाश व्यवस्था व शहर की अन्य समस्याओं पर अध्यक्ष रूपम मिश्रा का ध्यान आकृष्ट कराया। विकास कार्यों के बारे में चर्चा के दौरान बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2018-19 के प्रस्तावित बजट में विभिन्न मदों से पालिका की कुल आय 45.01 करोड़ रुपये होगी, जबकि 44.96 करोड़ का खर्च का प्रावधान किया गया है। सभी वार्डों के सदस्यों ने नाली, पेयजल, सड़क व स्ट्रीट लाइटों के संबंध में अपने क्षेत्र की समस्याएं रखी। सदस्यों ने सफाई व प्रकाश व्यवस्था को सुदृढ़ किए जाने का मुद्दा उठाया। बैठक के अंत में अध्यक्ष ने सभी के प्रति आभार जताया। इस मौके पर सदस्य प्रमोद कुमार, डब्लू, ममता, शांति, मोहम्मद सिद्दीक, चुनमुन लाल, विशाल, माया, दिनेश गुप्ता, अब्दुल अजीज, मंजू, पूनम श्रीवास्तव, कृष्ण गोपाल, दीप आनंद, निशांत बानो, शालू यादव, परमेश्वर शुक्ल पप्पू, मो. अहमद, प्रफुल्ल श्रीवास्तव, मीरा कमरुल हुदा के अलावा कर निर्धारण अधिकारी केके चौबे, अवर अभियंता अशोक कुमार सिंह, प्रकाश निरीक्षक घनश्याम शुक्ल, सहायक लेखा लिपिक राजकुमार लाल श्रीवास्तव, सदन लिपिक वेद प्रकाश पांडेय, नीरज गुप्ता, गिरीश सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।