वैशाली के कोच में चिंगारी निकलने से हड़कंप मचा
- फोटो : अमर उजाला
बभनान (बस्ती)। वैशाली सुपरफास्ट एक्सप्रेस के कोच के पास चिंगारी निकलने से हड़कंप मच गया। यह घटना रात करीब आठ बजे गोरखपुर -गोंडा रेलखंड के बीच स्थित बभनान स्टेशन पर हुई, इससे ट्रेन 20 मिनट रुकी रही।
वैशाली सुपरफास्ट एक्सप्रेस जैसे ही स्टेशन की पूर्वी रेलवे क्रॉसिंग के पास पहुंची किसी ने चेन पुलिंग कर दी।
इससे ट्रेन कुछ देर के लिए रोकी गई। इसके बाद ट्रेन आगे बढ़ी तो एस टू कोच का ब्रेक जाम हो गया और उससे चिंगारी निकलने लगी। यह बात जैसे ही यात्रियों को पता चली तो उनमें हड़कंप मच गया और भगदड़ मच गई। यहां करीब 20 मिनट तक ट्रेन रुकी रही। ब्रेक सही किए जाने के बाद ट्रेन रवाना हुई। गेटमैन विवेक कुमार ने बताया कि वैशाली एक्सप्रेस में किसी ने चेन पुलिंग की थी जिससे ब्रेक जाम की समस्या हुई। मामले की जानकारी दी गई है। इस संबंध में बभनान के स्टेशन मास्टर निरंजन प्रसाद यादव ने बताया कि ट्रेन पूर्वी रेलवे क्रासिंग के पास रुकी थी, लेकिन कोई मेमो चालक से नहीं मिला है। मामले की जांच कराई जाएगी।