बस्ती। ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए युवा कल्याण विभाग की ओर से इस वर्ष 432 युवक मंगल दल और 432 महिला मंगल दल को खेल किट उपलब्ध कराई जाएगी। खेल सामग्री जिले में पहुंच चुकी है, लेकिन शासन से वितरण का शेड्यूल जारी न होने के कारण अब तक इसका वितरण शुरू नहीं हो सका है।
चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में जिले में 1187 युवक मंगल दल और 1187 महिला मंगल दल गठित किए गए हैं। ये दल गांवों में सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार के साथ खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने का भी कार्य करते हैं। इसी उद्देश्य से चयनित मंगल दलों को खेल किट उपलब्ध कराई जाएगी।
युवा कल्याण विभाग के अनुसार प्रत्येक चयनित मंगल दल को पांच वॉलीबॉल, एक वॉलीबाल नेट, पांच फुटबॉल और एक एयर पंप दिया जाएगा। महिला मंगल दलों को इसके अतिरिक्त एक स्किपिंग रोप (कूदने वाली रस्सी) तथा युवक मंगल दलों को फिटनेस ट्यूब भी उपलब्ध कराई जाएगी।
विभागीय अधिकारियों के मुताबिक खेल किट जिले में पहुंच चुकी है और वितरण की कार्ययोजना भी तैयार कर ली गई है। अब केवल शासन स्तर से शेड्यूल जारी होने का इंतजार है। शेड्यूल मिलते ही ब्लॉकवार वितरण शुरू कर दिया जाएगा।
कोट
विभागीय निर्देशों के अनुसार प्रत्येक मंगल दल को पांच वर्ष में एक बार खेल किट उपलब्ध कराई जाती है। किट प्राप्त हो चुकी है और वितरण की तैयारी पूरी है। शासन से कार्यक्रम मिलते ही चयनित महिला और युवक मंगल दलों को खेल सामग्री वितरित कर दी जाएगी।
-आरपी सिंह, जिला युवा कल्याण अधिकारी