पुरानी पेंशन के लिए 28 को निकालेंगे मशाल जुलूस
राज्य कर्मचारी परिषद कार्यालय में हुई बैठक
अमर उजाला ब्यूरो
बस्ती। पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करने के लिए चलाए जा रहे आंदोलन के क्रम में 28 जनवरी को मशाल जुलूस निकाला जाएगा। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित कर्मचारी परिषद कार्यालय में हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया।
कर्मचारी, शिक्षक, अधिकारी-पुरानी पेंशन बहाली मंच के जिला अध्यक्ष मस्तराम वर्मा ने बताया कि 28 को मशाल जुलूस निकालने का निर्णय लिया गया है। मशाल जुलूस राजकीय आईटीआई कॉलेज परिसर से निकलकर कलेक्ट्रेट पहुंचेगा। जहां डीएम को मांगों से संबंधित ज्ञापन दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि मशाल जुलूस पहले बीएसए कार्यालय परिसर से निकाले जाने के लिए प्रस्तावित था लेकिन मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए स्थान परिवर्तन किया गया है। आंदोलन चरणबद्ध तरीके से छह फरवरी तक चलेगा। प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष चंद्रिका सिंह, मंत्री बाल कृष्ण ओझा, पेंशन बहाली मंच के चेयरमैन तौलू प्रसाद ने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली के लिए एकजुट होकर संघर्ष और तेज करना होगा। बैठक में राम अधार पाल, प्रमोद शुक्ला, दुर्गेश यादव, संतोष कुमार राव, अमर नाथ गौतम, अजीत सिंह, अरुणेश पाल, श्याम बिहारी चौधरी, अजय आर्य, इजहारूल हक अंसारी, राम चंदर यादव, रामसूरत, अखिलेश पाठक, धर्मेंद्र, मनोज यादव, प्रदीप कुमार आदि मौजूद रहे।