सर्द हवाओं के आगे निस्तेज रही धूप, कांपे लोग
25 की रफ्तार से बह रही पछुआ ने ठिठुराया
अमर उजाला ब्यूरो
बस्ती। सर्द हवाओं की वजह से समूचा जन मानस थर-थर कांपने पर मजबूर है। पंद्रह से पच्चीस किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही दक्षिण-पूर्वी हवाओं ने वातावरण में मानो बर्फ घोल दिया हो। मंगलवार को पूरे दिन धूप के बावजूद ठिठुरन बरकरार रही। दिन का तापमान भी पहली बार 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा। जबकि न्यूनतम तापमान मात्र छह डिग्री रहा। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले 24 घंटे के भीतर तापमान में और गिरावट हो सकती है।
राज्य फसल, मौसम सतर्कता समिति के पूर्व समन्वयक व नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विभागाध्यक्ष रहे डॉ. पद्माकर त्रिपाठी का दावा है कि पश्चिमी विक्षोभ के लगातार सक्रिय रहने की वजह से पहाड़ों पर बर्फबारी नहीं रुक रही। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड की पहाड़ियों पर भी जमकर बर्फबारी हो रही है।
बच्चों, बुजुर्गों की खास देखभाल
सर्द मौसम में सबसे ज्यादा बच्चों और बुजुर्गों के लिए सांसत है। नित्य क्रिया से लेकर दूसरे रोजमर्रा के काम निपटाने में उन्हें खासी परेशानी हो रही है। स्कूल जाने के लिए बच्चों को तैयार करने में गृहणियों को काफी दिक्कत हो रही है। वहीं, समय से स्कूल या दफ्तर पहुंचने की आपाधापी कम परेशानी भरी नहीं है। स्कूल वाहन चलाने वालों को के अलावा रिक्शा, पटरी दुकानदार आदि को ठंड ने काफी तंग कर रखा है।
मौसम की खास-खास बातें
बढे़गी शीतलहर, अभी और गिरेगा पारा।
किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चल रही सर्द हवाएं, कल तक चलेंगी।
सुबह शाम घना कोहरा रहने का अनुमान।
अभी ऐसे ही पडे़गी कड़ाके की ठंड, और गिरेगा तापमान।
पश्चिमी विक्षोभ के पहाड़ों पर पूरी तरह से सक्रिय।
हिमालय की पहाड़ियों से टकराने के बाद आ रही पछुआ हवा।