बस्ती। गर्मियों के अवकाश अब समाप्त होने के करीब है। बड़े शहरों की ओर जाने वाली ट्रेनों में आरक्षण फुल है। भीड़ के चलते ट्रेनें खचाखच हैं, तो प्लेटफार्म पर लगी कुर्सियों पर जगह नहीं मिल पा रही है। ऐसे में यात्रियों को जमीन पर बैठकर ट्रेन का इंतजार करना पड़ रहा है। साधारण बोगियों में घुसने के लिए यात्रियों को पसीना छोड़ देना पड़ रहा है।
बस्ती रेलवे स्टेशन से होकर मुंबई के लिए अवध, कुशीनगर, एलटीटी, तीन स्पेशल ट्रेन जबकि दिल्ली के लिए वैशाली, गोरखधाम, अवध आसाम, सत्याग्रह, बरौनी-दिल्ली व गरीब रथ के अलावा दो स्पेशल ट्रेन सप्ताह में एक दिन गुजरती हैं। इन ट्रेनों में दो माह तक आरक्षण फुल है। ऐसे में यात्रियों को धक्का खाते हुए गंतव्य तक यात्रा करनी पड़ रही है। सबसे खराब स्थिति साधारण बोगियों की है। इसमें घुसने के लिए यात्रियों के पसीने छूट जा रहे हैं। यदि कोई यात्री हिम्मत जुटा भी ले तो बोगी के अंदर पहुंचने के बाद उसे बवाल झेलना पड़ता है। भीड़ के बावजूद यहां रेलवे प्रबंधन ने व्यवस्था नहीं बनाई है। इधर तीखी धूप के चलते जहां यात्री परेशान हैं वहीं प्लेटफार्म पर लगे पंखे हिलते तो हैं मगर हवा न के बराबर है। ऐसे में यात्री गर्मी से बचने के लिए पेड़ के नीचे ट्रेन का इंतजार करते नजर आते हैं।
भीड़ से कोई दिक्कत नहीं: स्टेशन अधीक्षक
वरिष्ठ स्टेशन अधीक्षक विश्वंभर ने कहा कि भीड़ से कोई दिक्कत नहीं है। भीड़ कितनी भी बढ़ जाए, यहां इंतजाम भरपूर हैं। रही इधर-उधर बैठने की बात तो यात्रियों को बैठने के लिए कहीं भी मनाही नहीं है। सभी पंखे दुरूस्त हैं। स्टेशन पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम हैं।