40 किलो गांजा बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार
हर्रैया (बस्ती)। उड़ीसा से कोरियर के माध्यम से मंगाया गया 40 किलोग्राम गांजा नैनीताल भेजते समय पुलिस ने जब्त कर लिया। थाना हर्रैया व एसओजी की संयुक्त टीम ने बृहस्पतिवार को तड़के दो अंतरराज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार कर लिया।
क्षेत्राधिकारी हर्रैया शेषमणि उपाध्याय ने बताया कि प्रभारी निरीक्षक हर्रैया विंदेश्वरीमणि त्रिपाठी व एसओजी प्रभारी निरीक्षक मृत्युंजय पाठक ने पुलिस बल के साथ भ्रमण के दौरान महुघाट के निकट स्थित एक होटल के पास रात 02.30 बजे पहुंचे। जहां दो व्यक्ति संदिग्ध हालत में कुछ बंडल लेकर खड़े मिले। पुलिस देख वे भागने लगे तो उन्हें पकड़कर पैकेट की तलाशी ली गई तो वह गांजा निकला। पकड़े गए तस्करों में एक ने खुद को डब्लू कन्नौजिया और दूसरे ने संतोष कन्नौजिया निवासी मुसहरी बिन टोली थाना धनहा जिला पश्चिमी चंपारण बिहार बताया।
पूछताछ में दोनों ने पुलिस को बताया कि यह गांजा 16 जून को धनहा से पडरौना तक बस से आकर बस छोड़ दिया। वहां से दूसरी बस से गोरखपुर आए और वहां पर रुक कर खाना खाया। इसके बाद बस से हर्रैया तक आए और यहां पर बस छोड़कर दूसरी बस के इंतजार में खड़े थे, तभी पुलिस ने पकड़ लिया।
पुलिस की पूछताछ में आरोपियोें ने बताया कि गांजा उड़ीसा से कोरियर लेकर आते हैं जो कि प्रत्येक बार अलग-अलग रैकर द्वारा लाया जाता है। जिनके द्वारा अपना नाम-पता नहीं बताया जाता है। उन्हीं रैकरों से यह गांजा हम लोग घनहा से सात हजार रुपये प्रति किलोग्राम की दर से खरीद कर दिल्ली या उत्तराखंड में ले जाकर बेच देते हैं। जहां उस गांजे की कीमत 15 हजार रुपये प्रति किलोग्राम मिल जाती है। इस बार इसे नैनीताल लेकर जा रहे थे। तस्करों ने बताया कि गांजा बिहार से लेकर निकलते हैं और लगभग प्रत्येक 100 किमी के अंदर ही वाहन बदल देते हैं।