बस्ती। जिले में शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) की तैयारियां अंतिम चरण में है। यहां 20 केंद्रों पर 38,040 अभ्यर्थी तीन दिनों में पांच पालियों में परीक्षा देंगे। परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था, बायोमेट्रिक जांच और धारा 144 लागू की गई है।
परीक्षा को लेकर प्रशासन ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। तीन दिनों तक चलने वाली परीक्षा की शुरूआत दो से लेकर चार जुलाई 2026 तक कुल पांच पालियों में संपन्न कराई जाएगी। अभ्यर्थियों की भारी संख्या को देखते हुए प्रशासन ने व्यापक प्रबंध किए हैं। प्रत्येक पाली में 7608 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। इस प्रकार, तीन दिनों की पूरी प्रक्रिया में कुल 38,040 अभ्यर्थी अपनी योग्यता का परीक्षण देंगे। परीक्षा को नकलविहीन और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की त्रिस्तरीय जांच की जाएगी।
बायोमेट्रिक उपस्थिति और मेटल डिटेक्टर के माध्यम से तलाशी अनिवार्य होगी। प्रत्येक परीक्षा कक्ष को सीसी कैमरों की सीधी निगरानी में रखा जाएगा। इसके अलावा, केंद्रों पर वीडियो ग्राफी की भी व्यवस्था की गई है। एएसपी श्यामकांत के अनुसार, सभी परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में धारा 144 प्रभावी रहेगी, ताकि बाहरी व्यक्तियों का अनावश्यक जमावड़ा न हो सके। प्रत्येक केंद्र पर एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट और एक एसआइ,एक मुख्य आरक्षी, चार आरक्षी, दो महिला आरक्षी की ड्यूटी लगाई गई है।
संवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बलों की व्यवस्था की गई है। सभी केंद्रो पर कुल 20 निरीक्षक, 20 उपनिरीक्षक, 22 मुख्य आरक्षी, 38 महिला और 120 पुरुष आरक्षियों को तैनात किया जाएगा। कोतवाली थाना क्षेत्र में 10, पुरानी बस्ती दो वाॅल्टरगंज तीन, नगर तीन, कप्तानगंज व मुंडेरवा में एक-एक परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
-
पहचान के साथ केंद्र पर पहुंचे अभ्यर्थी
परीक्षा समिति ने सभी परीक्षार्थियों को सलाह दी है कि वे अपने प्रवेश पत्र के साथ एक वैध फोटो पहचान पत्र अवश्य लाएं। परीक्षा शुरू होने से कम से कम 45 मिनट पहले केंद्रों पर पहुंचना अनिवार्य है। किसी भी प्रकार की इलेक्ट्रानिक डिवाइस (मोबाइल, ब्लूटूथ, स्मार्ट वाच आदि) ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित है।
-
ये परीक्षा केंद्र नामित
श्रीकृष्ण पांडेय इंटर कॉलेज ब्वाय और गर्ल्स, सरस्वती शिशुमंदिर रामबाग बालक और बालिका, जीजीआईसी, बेगम खैर और खैर इंटर कॉलेज, जीआरएस इंटर कॉलेज सक्सेरिया, एपीएन पीजी कॉलेज, किसान इंटर कॉलेज व केडीसी डिग्री कॉलेज, वाल्टरगंज, मुंडेरवा, आरसीसी, गनेशपुर हंसराज, मरहा-कटया, कप्तानगंज, नगर और बेलाड़ी इंटर कॉलेज को परीक्षा केंद्र के रूप में नामित किया गया है।
कोट
दो से चार जुलाई तक आयोजित होने वाली परीक्षा की तैयारी पूरी कर ली गई है। परीक्षा से संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंप दी गई है।
-प्रतिपाल सिंह चौहान, एडीएम, बस्ती।