गौर। ऑनलाइन हाजिरी में एक बार फिर पंचायत भवनों पर तैनात पंचायत सहायकों की पोल खुल गई है। सोमवार को गौर ब्लाॅक के विभिन्न पंचायत भवनों से कुल 33 पंचायत सहायक गायब मिले। जबकि 71 पंचायत सहायक ऑनलाइन हाजिरी में उपस्थिति दर्ज पाई गई।
गौर ब्लाॅक में कुल 104 पंचायत सहायक तैनात हैं। जिनकी हाजिरी प्रतिदिन सुबह दस बजे पंचायत भवन पर हर हाल में दर्ज होनी है। लेकिन ऑनलाइन हाजिरी में अधिकतर पंचायत सहायक पंचायत भवनों से नदारद मिल रहे हैं। ऑनलाइन हाजिरी से गायब पंचायत सहायकों के प्रति एडीओ पंचायत श्याम बिहारी ने कड़ा रुख अख्तियार किया है। उन्होंने बताया कि जो लोग लगातार ऑनलाइन हाजिरी से नदारद मिल रहे हैं। उनके खिलाफ नोटिस जारी किया जा रहा है। समय से सही जवाब न मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पंचायत सहायक ने बताया कि ग्राम पंचायतों में तैनात सचिवों के माध्यम से बताया गया है कि पंचायत भवनों पर तैनात पंचायत सहायकों की ऑनलाइन हाजिरी प्रतिदिन 10 बजे हर हाल में सुनिश्चित कराया जाए। सोमवार को जिन पंचायत भवनों से पंचायत सहायक गायब मिले हैं। उनमें कटाया नवडीहा, इटबहरा, हलुआ, गौर, भौखरी, बढ़नी, अइलाकला, मुस्लिम पैकोलिया, महुआ डाबर, मदनपुरा, डमरूआ जंगल, भीटा, हारदीखास, कठौतिया सांवडीह, पिरैला,म झौवा चौधरी सहित 33 पंचायत सहायक गैर हाजिर रहे।