सांसद ने नवीन विद्युत उपकेंद्र का लोकार्पण किया
पॉलिटेक्निक और पांडेय बाजार को होगी आपूर्ति
अमर उजाला ब्यूरो
साऊं घाट। क्षेत्र की ग्राम पंचायत महुडर में 33/11 केवी उपकेंद्र को सोमवार को सांसद हरीश द्विवेेदी लोक को सौंप दिया। भारत सरकार की इंटीग्रेटेड पावर डेवलेपमेंट स्कीम के तहत एनसीसी लिमिटेड हैदराबाद ने इस उपकेंद्र ढाई करोड़ की लागत से बनवाया हैं। इसमें पांच एमवीए क्षमता का ट्रांसफॉर्मर स्थापित है। इसके माध्यम से क्षेत्र के पॉलिटेक्निक, इंजीनियरिंग कॉलेज, महिला पॉलिटेक्निक, हथियागढ़, कुष्ठ सेवा आश्रम, अमौली, एनएच 28, मरवटिया, आंशिक पांडेय बाजार, महुडर गांव को विद्युत आपूर्ति की जाएगी। सांसद ने मशीन चालू कर इसे जनता को समर्पित किया। इस उपकेंद्र से 300 छोटे-बडे़ विद्युत उपभोक्ताओं को सीधा व बाधा रहित लाभ मिलेगा। सांसद ने कहा कि जिले को नया आयाम देने की पहल के तहत उपकेंद्र स्थापित किया गया है। बताया कि इसी तरह का नया विद्युत उपकेंद्र गोटवा में भी स्थापित किया जा रहा है जो फरवरी के अंतिम सप्ताह तक पूरा हो जाएगा।
उन्होंने कहा कि विकास के मामले में पिछड़े जिले को पांच साल में गांव-शहर के प्रत्येक गरीब परिवार के विकास के लिए काफी कुछ किया। बीते वर्ष बिजली से वंचित 1.37 लाख परिवारों को सौभाग्य योजना के तहत निशुल्क विद्युत कनेक्शन दिए गए हैं। अब भी जनपद के कई स्थानों पर कार्य चल रहा है। अधिशासी अभियंता एमके अग्रवाल ने कहा कि उपकेंद्र में सभी यात्रिक संसाधन मौजूद हैं। इससे विभाग के साथ-साथ लोगों को लाभ प्राप्त होगा। इसकी स्थापना से जिले में बिजली का डेढ़ गुना उत्पादन बढ़ गया है। जिले में अब छह उपकेंद्र स्थापित हो गए हैं। सातवां गोटवा में निर्माणाधीन है। इस मौके पर मुख्य अभियंता इं. ओपी यादव, इं. संतोष कुमार, एनसीसी लिमिटेड के पीएम मनीष सैनी, अनिल गौड़, सुशांत मिश्र, राजीव विश्नोई, टीएसएन राजू, इं. अभिषेक कुमार, इं. जितेन्द्र कुमार मौर्य, इं. आशुतोष लहड़ी, इं. रामइकबाल, थानाध्यक्ष सर्वेश कुमार राय, चन्द्रमणि पाठक, राजेश पाल सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।