बस्ती। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (पीएमएमवीवाई) में लंबित आवेदनों की शत-प्रतिशत फीडिंग के लिए विभागीय सख्ती शुरू हो गई है। जिन आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की आईडी निष्क्रिय मोड में है, उसे सक्रिय कर फीडिंग तेजी से कराई जा रही है, ताकि समय से प्रसूता महिलाओं को प्रोत्साहन राशि मिल सके।
सोमवार को सीडीपीओ कार्यालय बहादुरपुर में जिला कार्यक्रम समन्वयक पीएमएमवीवाई सुधीर यादव मय टीम पहुंचे। यहां उन्होंने 31 लंबित प्रकरणों की समस्याओं को देखा और तत्काल निस्तारण कराते हुए फीडिंग कराई। वहीं, 15 निष्क्रिय आईडी को अपने सिस्टम से सक्रिय किया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए कि फीडिंग कार्य में ढिलाई न करें। आवेदन प्राप्त होते ही फीडिंग कर डाटा आगे भेज दें, ताकि समय से उसे अग्रसारित कराया जाए।
उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सुपरवाइजरों के साथ समीक्षा बैठक करते हुए प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत चल रहे विशेष अभियान के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों के नामांकन में वृद्धि तथा लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया। जिन आंगनबाड़ी केंद्रों में नामांकन शून्य अथवा अपेक्षाकृत कम पाया गया, वहां पात्र लाभार्थियों का शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
लाभार्थियों के आवेदन करने में आ रही समस्या का समाधान कराया गया और छह लाभार्थियों का नया रजिस्ट्रेशन कराया गया। ग्राम पंचायत बेनीपुर, भिसवा की लाभार्थी नूरशबा का प्रधानमंत्री मातृ वंदना के एप के माध्यम से एफआरएस स्वयं करके लंबित आवेदन को पूर्ण कराया गया। सीडीपीओ देवेंद्र ने कहा कि सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया गया है कि पात्र लाभार्थियों का डाटा एकत्र करते हुए फीडिंग सुनिश्चित कराएं।