सदर पशु अस्पताल से अभियान का शुभारंभ करते अंकुर वर्मा व पशु चिकित्सक स्रोत विभाग
- फोटो : reasi news
बस्ती। खुरपका-मुंहपका रोग से बचाने के लिए 2.68 लाख गोवंशीय पशुओं का टीकाकरण अभियान बृहस्पतिवार से शुरू हुआ। 10 मार्च तक 45 दिन चलने वाले इस अभियान में लक्ष्य के अनुसार पशुओं को टीके लगाए जाएंगे। अभियान का शुभारंभ सदर पशु अस्पताल से नपा बस्ती चेयरमैन प्रतिनिधि अंकुर वर्मा ने वैक्सीन वाहन को हरी झंडी दिखाकर किया।
सीवीओ डाॅ. अरुण कुमार गुप्ता ने बताया कि राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत खुरपका-मुंहपका टीकाकरण अभियान के तहत पहले दिन बृहस्पतिवार को 2,968 पशुओं का टीकाकरण किया गया। चेयरमैन ने कहा कि जिले में खुरपका-मुहपका जैसे संक्रामक रोगों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए यह टीका काफी कारगर होगा।
पशुपालन विभाग के अपर निदेशक ग्रेड-दो डॉ. जीवनलाल ने बताया कि चार माह से अधिक आयु के सभी गोवंशीय एवं महिष वंशीय पशुओं का टीकाकरण होगा। संवाद