फायरिंग मामले में 25 हजार का इनामी गिरफ्तार
पैकोलिया। थानाक्षेत्र के टूटी भीटी के चोरखरी मोड़ पर सात दिन पहले शादी से लौट रहे युवक को गोली मारने के मामले में नामजद तीन में से एक आरोपित को पुलिस ने शनिवार की सुबह गिरफ्तार कर लिया। उस पर पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।
पैकोलिया थानाक्षेत्र के बड़ेरिया कुंवर गांव निवासी बुद्धिराम के घर पांच जून को लड़की की शादी थी। कलानी खुर्द गांव निवासी विनय कुमार यादव उर्फ रोहित के पिता रामसुख के मुताबिक, उनके बेटे यहीं से बरात से वापस लौट रहे थे। करीब 11 बजे रात में वह भीटी मिश्र के आगे चोरखरी मोड़ पर पहुंचे थे, तभी छावनी थानाक्षेत्र के बहवा कलानी निवासी शिवम तिवारी उर्फ कल्लू, छावनी थाना क्षेत्र के देवकली रानी गांव निवासी आदित्य वर्मा और लजघटा निवासी अभिमन्यु सिंह को लेकर आया। इस दौरान आदित्य वर्मा ने विनय पर फायर कर दिया।
गोली विनय यादव के पेट में लगी। वारदात के बाद सभी आरोपित फरार हो गए। मामले में पुलिस ने तीनों के खिलाफ घायल के पिता के तहरीर पर हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया है। थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार तिवारी ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर एसआई सुरेश यादव और राजेश कुमार दूबे के साथ अमारी बाजार से हसीनाबाद आने वाले मार्ग स्थित गजियापुर गांव के पास से शिवम तिवारी उर्फ कल्लू को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया गया है। उस पर पुलिस अधीक्षक की ओर से 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। शीघ्र ही शेष दोनों आरोपितों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।