बस्ती। मंडल की सवा दो सौ ग्रामीण क्षेत्र की सड़कों को सुधारने के लिए शासन ने पीडब्ल्यूडी के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इस पर 34.14 करोड़ रुपये खर्च कर आवागमन सुविधा बेहतर की जाएगी।
काम शुरू करने के लिए तकरीबन 35 फीसदी धन यानी कि 10.59 करोड़ रुपये जारी हो चुके हैं। पीडब्ल्यूडी बहुत जल्द ही आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर सड़ाकों का निर्माण शुरू करा देगा। पीडब्ल्यूडी के तीनों जिलों के अभियंताओं ने ग्रामीण क्षेत्रों का सर्वे कर 225 सड़कों के सुधार के लिए 33 करोड़ 14 लाख 42 हजार रुपये का प्रस्ताव मुख्यालय के जरिये शासन को उपलब्ध करवाया था। इसमें बस्ती जिले की 99, संतकबीरनगर की 100 व सिद्धार्थनगर की 26 सड़कें शामिल हैं।
विज्ञापन
इनमें 16 सड़कें ‘आयोजनेत्तर’ सामान्य मरम्मत के लिए प्रस्तावित थीं और बाकी ‘सामान्य अनुरक्षण मद’ के तहत सामान्य मरम्मत व नवीनीकरण की जानी थीं। इन सभी सड़कों की लंबाई 223.36 किमी मानी गई है।
बस्ती जिले में 89.06 किमी, संतकबीरनगर में 92.92 किमी व सिद्धार्थनगर में 41.730 किमी सड़कों को दुरुस्त कराया जाना है। बस्ती जिले में 11 करोड़ 71 लाख 52 हजार रुपये, संतकबीरनगर में 14 करोड़ 72 लाख 11 हजार व सिद्धार्थनगर में 5 करोड़ 95 लाख 93 हजार रुपये खर्च होना है। शासन ने इस प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए पहली किश्त के रूप में 10 करोड़ 59 लाख 46 हजार रुपये जारी कर दिए हैं।क