‘किसान, नौजवान, लोकतंत्र पर भाजपा कर रही प्रहार’
विधानमंडल दल के नेता लालजी वर्मा के निशाने पर विरोधी
स्वस्थ हुए गठबंधन प्रत्याशी राम प्रसाद चौधरी ने की सभा
अमर उजाला ब्यूरो
बस्ती। लोकसभा चुनाव को लेकर छावनी कस्बे में बुधवार को गठबंधन कार्यकर्ताओं का सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधान मंडल दल के नेता लाल जी वर्मा ने कहा कि भाजपा की केंद्र व राज्य की सरकार सिर्फ और सिर्फ झूठ बोलती है।
विधानमंडल दल के नेता ने भाजपा और कांग्रेस पर जमकर शब्दबाण चलाए। कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार में कराए गए विकास कार्यों पर अपने नाम का पत्थर लगा कर भाजपा के लोग अपनी पीठ थपथपा रहे हैं। खाद, डीजल के दामों में बेतहाशा वृद्धि हुई। किसानों के साथ छलावा किया गया तो दलितों के आरक्षण से छेड़छाड़ कर लोकतंत्र पर प्रहार किया जा रहा है। स्वस्थ होने के बाद पहली बार सभा को संबोधित कर रहे प्रत्याशी राम प्रसाद चौधरी ने कहा कि केंद्र सरकार लोगों को जुमला देकर शासन की है। जनता ने उनको उखाड़ फेंकने का मन बना लिया है। मोदी अब राम मंदिर नहीं पुलवामा हमले के मुद्दे पर चुनाव लड़ रहे हैं। कार्यक्रम को फ़ैजाबाद के पूर्व विधायक जयशंकर पांडेय, पूर्व राज्यसभा सांसद अलोक तिवारी, पूर्व सांसद अरविन्द चौधरी, पूर्व विधायक राजमणि पांडेय, यज्ञेश पांडेय, राजकपूर यादव ने भी संबोधित किया। इस मौके पर सुमन सिंह, सीता रामचौहान, फतेह मोहम्मद, बबलू शेख, आमिर खां, अब्दुल हमीद खां, गुलाम गौश, हीरालाल यादव, आरिफ खान, सूर्यमणि यादव, हबीबुल्लाह खान आदि मौजूद रहे।